क्रिकेट चयन के लिए तिथियां जारी, विभिन्न वर्गों के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। बीसीसीआई के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा सत्र 2026-27 के लिए खिलाड़ियों के पंजीयन एवं चयन की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक सूचना जारी की गई है। खिलाड़ियों के नवीन पंजीयन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दस्तावेजों के सत्यापन संबंधी नियमों में बदलाव किया गया है।

 

 

केडीसीए (कोरबा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन) द्वारा सभी वर्गों के खिलाड़ियों के पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर वर्ग के पुरुष एवं महिला खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

नए पंजीयन के लिए पीवीसी आधार कार्ड (क्यूआर कोड सहित), डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र, अंतिम छह वर्षों की सत्यापित विद्यालयीन मार्कशीट, दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, कैंसल चेक और पैन कार्ड जमा करना होगा। नवीन पंजीयन शुल्क 500 रुपये निर्धारित है। दस्तावेजों की दो सेट रंगीन फोटो कॉपी जमा करनी होगी। पंजीयन के समय सत्यापन के लिए मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। आवेदन केडीसीए कार्यालय में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक जमा किए जा सकेंगे।

आयु वर्ग के लिए अंडर-14 में 1 सितंबर 2012 से 31 अगस्त 2014, अंडर-16 में 1 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2013, अंडर-19 में 1 सितंबर 2008 के बाद तथा अंडर-23 में 1 सितंबर 2004 से 31 अगस्त 2008 के बीच की कटऑफ निर्धारित की गई है।

चयन प्रक्रिया के तहत अंडर-19 का चयन 30 अगस्त, अंडर-14 का 6 सितंबर, अंडर-23 एवं सीनियर वर्ग का 13 सितंबर तथा अंडर-16 का चयन 20 सितंबर 2026 को होगा। सभी वर्गों का चयन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंघिया, कटघोरा में सुबह 9 बजे से टर्फ विकेट पर किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बी.बी. साहू से संपर्क किया जा सकता है।