कोरबा ब्रेकिंग: पेड़ पर फांसी लगाकर युवक ने की आत्महत्या, जेब से मिला 19 पन्नों का नोट…..

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। जिले के जेंजरा बाईपास के पास एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां बबूल के पेड़ पर 36 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

इस मामले में सबसे अहम बात युवक की जेब से मिला 19 पन्नों का सुसाइड नोट है। बताया जा रहा है कि इसमें नौकरी लगाने के नाम पर करीब 50 लाख रुपये के लेन-देन, रकम फंसने और कर्ज के बढ़ते दबाव का उल्लेख किया गया है। नोट के अनुसार, शिवचरण ने कुछ लोगों को नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे दिए थे। इस काम में एक बिचौलिया भी शामिल था, जिसकी कोरोना काल के दौरान मौत हो गई। इसके बाद रकम फंसने से उसकी आर्थिक परेशानियां बढ़ती चली गईं।

 

बताया जा रहा है कि शिवचरण ने कोरोना काल में एक निजी स्कूल भी शुरू किया था, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद वह लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। सुसाइड नोट में कथित तौर पर कर्ज देने वालों के दबाव, मानसिक परेशानी और पैसों के लेन-देन का भी जिक्र है। नोट में कई लोगों के नाम और रकम का हिसाब दर्ज होने की बात सामने आई है।

 

19 पन्नों के नोट की जांच में जुटी पुलिस

 

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, जेंजरा बाईपास के पास युवक का शव मिला है। उसके पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज और आर्थिक परेशानियों का उल्लेख है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों, नामों और पैसों के लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल 19 पन्नों का यह सुसाइड नोट पूरे मामले में जांच का अहम आधार बना हुआ है।