पुरानी खटास ने लिया हिंसक रूप, जीजा को चाकू मारकर किया घायल….

✍️ भागीरथी यादव

 

बिलासपुर। न्यायधानी में पारिवारिक विवाद के बीच हिंसक वारदात का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित धूरीपारा में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वारदात को अंजाम देने का आरोप उसकी पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप पर है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, समीर खान और कमलेश्वरी कश्यप उर्फ सनाया के विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से ही अनबन चल रही थी। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व समीर युवती को अपने साथ ले गया था और बाद में दोनों ने विवाह कर लिया था। उस वक्त युवती की उम्र कम होने के कारण समीर को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। जेल से बाहर आने के बाद भी पारिवारिक संबंध सामान्य नहीं हो सके थे।

इसी बीच गुरुवार की रात एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया गया कि समीर अपनी पत्नी के साथ मजार से वापस घर जा रहा था। रास्ते में उसका सामना साले ओमप्रकाश से हुआ। बातचीत के दौरान दोनों के बीच तनातनी बढ़ गई और मामला हाथापाई से आगे निकल गया। इसी दौरान ओमप्रकाश ने कथित तौर पर चाकू से समीर पर कई प्रहार कर दिए। हमले में समीर लहूलुहान होकर घायल हो गया।

 

घटना को लेकर आरोपी पक्ष के परिजनों ने अलग पक्ष रखते हुए कहा है कि चाकू चलने से पहले समीर के साथ मारपीट की गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं क्षेत्र में किसी तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।