✍️ भागीरथी यादव
खाने में जहरीला पदार्थ मिलाने की आशंका, बाद में महिला ने भी किया सेवन; पुलिस जांच में जुटी
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में 28 वर्षीय महिला और उसके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक आशंका है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और फिर खुद भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, घटना की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।

घटना गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम सुकली की है। मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), उनके बेटे चिराग दास मानिकपुरी (10 वर्ष) और दिव्यांश मानिकपुरी (5 वर्ष) के रूप में हुई है। गुरुवार देर रात तीनों के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने बच्चों के खाने में जहरीला पदार्थ मिलाया और बाद में खुद भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय सभी संभावित पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। आखिर किन परिस्थितियों में यह दर्दनाक घटना हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
