एक सप्ताह के भीतर सभी उपार्जन केंद्रों में खरीदी क्षमता बढ़ाने की मांग, जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सुशील जायसवाल
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है, लेकिन उपार्जन केंद्रों में प्रतिदिन धान खरीदी की निर्धारित सीमा कम होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। कम लिमिट के चलते किसानों को टोकन मिलने और तय समय-सीमा के भीतर अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए धान खरीदी की दैनिक सीमा बढ़ाने की मांग उठाई गई है।
इसी सिलसिले में शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनोज कुमार बंजारे को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्या से अवगत कराया।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में प्रतिदिन खरीदी की निर्धारित मात्रा में बढ़ोतरी की जाए। उनका कहना है कि वर्तमान में कम खरीदी सीमा होने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए टोकन और समय का इंतजार करना पड़ रहा है। इससे धान खरीदी की व्यवस्था के साथ किसानों की खेती-किसानी से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
मरकाम ने प्रशासन से आग्रह किया है कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी उपार्जन केंद्रों की दैनिक खरीदी सीमा बढ़ाई जाए। इससे अधिक किसानों को प्रतिदिन धान बेचने का अवसर मिलेगा और निर्धारित समय-सीमा में उपज की बिक्री सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
अब देखना होगा कि किसानों की इस मांग पर प्रशासन कब तक निर्णय लेता है और धान खरीदी की दैनिक सीमा बढ़ाने को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।
