✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंडारवाड़ी के जंगल में मिले एक अज्ञात पुरुष के शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। करीब चार महीने बीत जाने के बाद भी मृतक के परिजनों का पता नहीं चल सका है। ऐसे में धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए मृतक का हुलिया और पहनावे का विवरण सार्वजनिक किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को भंडारवाड़ी गांव के जंगल स्थित सागौन प्लाट में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष, कद करीब 5 फीट 3 इंच और शरीर दुबला-पतला बताया गया है। उसका रंग सांवला, चेहरा लंबा और दांत बाहर की ओर दिखाई देते थे। सिर के बाल अधपके थे। मृतक ने काले-सफेद धारियों वाली शर्ट और काले रंग का चड्डा पहन रखा था।
काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को उम्मीद है कि सार्वजनिक की गई जानकारी और तस्वीर के माध्यम से कोई व्यक्ति उसे पहचान सकता है और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
धमतरी पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की है कि मृतक के हुलिए एवं पहनावे की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक साझा करें। यदि किसी को इस व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
इन नंबरों पर दें सूचना
थाना प्रभारी दुगली : 94791-91327
पुलिस कंट्रोल रूम धमतरी : 9479192299
फोन नंबर : 07722-231344
पुलिस ने कहा है कि आमजन की एक छोटी-सी सूचना अज्ञात मृतक की पहचान कराने और उसके परिजनों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
