✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। रात के अंधेरे में पेट्रोल पंप के पास राहगीर को निशाना बनाकर मारपीट और लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को कोरबा कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 18 नवंबर की रात राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नगदी रकम और घटना में इस्तेमाल किया गया चोरी का दोपहिया वाहन बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे रामसागरपारा निवासी एक व्यक्ति के साथ राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मारपीट कर उसका मोबाइल और नगदी रकम लूट ली गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 937/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 115(2) एवं 351(3) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेहियों की पतासाजी की और तीन आरोपियों लखन राजपूत (23 वर्ष), निवासी रामसागरपारा, रवि निषाद उर्फ दादू (22 वर्ष) तथा कमल निषाद उर्फ टेंगना, दोनों निवासी राताखार बाईपास रोड, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सामान के साथ वारदात में प्रयुक्त चोरी का दोपहिया वाहन भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें।
