सुशील जायसवाल
कोरबी-चोटिया (कोरबा)। जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाद में 70 वर्षीय वृद्ध महिला भगमतिया बाई की हत्या और लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने पति-पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि वृद्ध महिला के घर में रखे रुपये लूटने की नीयत से आरोपियों ने हत्या की साजिश रची थी। देर रात घर में घुसकर महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसने और नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपियों ने घर से मिले 2 हजार रुपये आपस में बांट लिए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लाद के छिदवारपारा निवासी बबलू मरकाम ने 20 नवंबर को अपनी मां भगमतिया बाई की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सूचना पुलिस चौकी कोरबी में दी थी। जांच में सामने आया कि 19 नवंबर की शाम से 20 नवंबर की सुबह के बीच अज्ञात व्यक्ति ने वृद्ध महिला के गले में नायलॉन की रस्सी कसकर और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कोरबी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और संदेहियों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी इंद्रपाल अगरिया पहले से मृतिका के घर गाय-बैल चराने का काम करता था। इसी कारण उसका महिला के घर आना-जाना था।
पुलिस जांच के अनुसार, घटना से पहले इंद्रपाल काम के बकाया पैसे लेने महिला के घर पहुंचा था, जहां उसे 500 रुपये दिए गए। इसी दौरान आरोपियों की नजर महिला की पेटी और बैग में रखे रुपयों पर पड़ी। इसके बाद इंद्रपाल ने अपनी पत्नी राजकुमारी और परिचित देव कुमार मरकाम के साथ मिलकर रुपये चोरी करने की योजना बनाई।
योजना के मुताबिक, तीनों देर रात महिला के घर पहुंचे। देव कुमार को घर के बाहर निगरानी के लिए खड़ा किया गया, जबकि इंद्रपाल और उसकी पत्नी घर के अंदर चले गए। उस समय भगमतिया बाई सो रही थीं। पुलिस के मुताबिक, इंद्रपाल ने महिला का हाथ पकड़ा और राजकुमारी ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर पकड़ लिए। इसके बाद घर में रखी पीले रंग की नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने पेटी और बैग की तलाशी ली, जहां से करीब 2 हजार रुपये मिले। तीनों ने रकम आपस में बांट ली और अपने-अपने घर चले गए। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद 22 नवंबर 2026 को तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में इंद्रपाल अगरिया (43 वर्ष), निवासी गोजापुर, चौकी कोरबी, मूल निवासी जिला कोरिया; उसकी पत्नी राजकुमारी अगरिया (33 वर्ष), निवासी गोजापुर तथा देव कुमार मरकाम (26 वर्ष), निवासी जिला कोरिया शामिल हैं।
कोरबी पुलिस और साइबर सेल की रही अहम भूमिका
मामले का खुलासा करने में चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार जोगी, साइबर सेल के उपनिरीक्षक अजय सोनवानी आरक्षक आलोक टोप्पो, आरक्षक संजीव एवं आरक्षक सुशीला यादव तथा रक्षित केंद्र एवं चौकी कोरबी से प्रधान आरक्षक क्रमांक 199 संतोष सिंह, आरक्षक क्रमांक 560 रोशन कुमार पाण्डेय, आरक्षक क्रमांक 738 टकेश्वर पटेल, आरक्षक क्रमांक 584 संजय साहू एवं महिला आरक्षक क्रमांक 264 स्वाती रात्रे का विशेष योगदान रहा।पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में पूरी कार्रवाई की गई।
ग्राम लाद में वृद्ध महिला की हत्या की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल था। पुलिस द्वारा चंद दिनों में मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की है।
