कोरबा: 46 साल से पुनर्वास का इंतजार, अब बेघर होकर भटक रहे ग्रामीण; सड़क पर दंडवत प्रणाम करते पहुंचे कलेक्टर कार्यालय देखें वीडियो…..

✍️ भागीरथी यादव

 

चंद्रनगर के विस्थापितों ने सड़क पर दंडवत प्रणाम करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, एसईसीएल प्रबंधन पर सुविधाएं नहीं देने का आरोप

 

कोरबा। विकास परियोजनाओं के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन और घर छोड़ने वाले चंद्रनगर (जटराज) के ग्रामीण आज भी पुनर्वास की बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 46 साल से पुनर्वास और बेहतर जिंदगी की उम्मीद लगाए बैठे इन परिवारों की पीड़ा अब सड़क पर भी दिखाई देने लगी है। अपनी मांगों और परेशानियों को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए विस्थापित ग्रामीण सड़क पर दंडवत प्रणाम करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जिला पुनर्वास समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन और घर छोड़ दिए, लेकिन बदले में उन्हें सुरक्षित और सुविधायुक्त जीवन नहीं मिल सका। एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना के तहत उन्हें जल्दबाजी में छह अलग-अलग पुनर्वास स्थलों पर बसा दिया गया, लेकिन वहां सड़क, बिजली, पानी, नाली, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था नहीं की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि चंद्रनगर गांव की जमीन का अधिग्रहण वर्ष 1978-79, 1982-83, 1984-85 तथा अंतिम चरण में 2009-10 के दौरान किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 1978 से 2026 तक लंबा समय बीत जाने के बावजूद राज्य पुनर्वास नीति के अनुरूप उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल सकीं।

तीन दिन में खाली कराए गए घर, छह जगहों पर बिखर गए परिवार

 

ग्रामीणों के अनुसार, 20 सितंबर 2026 से उन्हें जल्दबाजी में विस्थापित किया गया। आरोप है कि महज तीन दिनों के भीतर घर खाली कराकर परिवारों को अलग-अलग पुनर्वास स्थलों पर भेज दिया गया। गांव के छह स्थानों पर बंट जाने से ग्रामीणों की सामाजिक एकता, संस्कृति, परंपराएं और बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हुई है।

 

ज्ञापन के मुताबिक, सोनपुरी बदान के पास 15 परिवार, 14 नंबर डंपिंग क्षेत्र में 140 परिवार और 6 नंबर डंपिंग क्षेत्र में 92 परिवारों को बसाया गया है। इसके अलावा वर्ष 2023-24 में 55 परिवारों को सर्वमंगला नगर, लगभग 70 से 80 परिवारों को वैशाली नगर कुसमुंडा तथा 36 से 40 परिवारों को वैशाली नगर कुसमुंडा में खहरिया नदी किनारे बसाया गया है।

 

न सड़क, न पानी, न बिजली, कैसे गुजरेगी जिंदगी?

 

ग्रामीणों ने बताया कि पुनर्वास स्थलों पर सांस्कृतिक मंच, मवेशियों के लिए शेड, चारागाह, मुक्तिधाम, देवस्थल, मंदिर, तालाब, खेल मैदान, बगीचा, सार्वजनिक शौचालय, सड़क, नाली और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। स्कूल, सामुदायिक भवन और स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

 

ग्रामीणों की पीड़ा तब और बढ़ गई जब 30 अक्टूबर 2026 को अतिवृष्टि और चक्रवाती मौसम तथा 20 नवंबर को आए चक्रवात के कारण कई झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। कई घरों में पानी भर गया। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को बारिश और ठंड के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि असुरक्षित पुनर्वास स्थलों पर रहने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

 

मकान किराया और मुआवजा कटौती का भी मामला

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एसईसीएल प्रबंधन द्वारा बैठकों में मकान किराया देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 20 सितंबर 2026 से अब तक विस्थापित परिवारों को किराया नहीं मिला है। उन्होंने मकान निर्माण होने तक किराया उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

ज्ञापन में 28 मई 2023 के ड्रोन सर्वे के आधार पर ग्रामीणों की जानकारी के बिना मुआवजा राशि में 60 प्रतिशत कटौती किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। ग्रामीणों ने इसकी जांच कर आर्थिक नुकसान की भरपाई करने, शेष किसानों को सोलैटियम राशि देने, प्रभावित बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा सभी पात्र विस्थापित परिवारों को आरएलआर का लाभ देने की मांग की है।

 

आश्वासन मिले, लेकिन सुविधाओं का इंतजार बरकरार

 

ग्रामीणों का कहना है कि अप्रैल 2024 में पुनर्वास स्थल पर 15 अक्टूबर 2024 तक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद 15 जनवरी 2025 तक सुविधाएं पूरी करने की बात कही गई, लेकिन 23 नवंबर 2026 तक भी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

 

ग्रामीणों ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर सभी पुनर्वास स्थलों पर सड़क, बिजली, पानी, नाली, शौचालय, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल और अन्य मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही मकान निर्माण में सहयोग, मुआवजा संबंधी समस्याओं का निराकरण और प्रभावित परिवारों को रोजगार देने की मांग उठाई है।

 

विकास परियोजनाओं के लिए अपनी जमीन और पुश्तैनी आशियाना छोड़ने वाले इन परिवारों की पीड़ा अब सड़क पर दंडवत प्रणाम के रूप में सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें विकास का विरोध नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन और पुनर्वास नीति के अनुरूप अधिकार चाहिए। अब देखना होगा कि प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन इन विस्थापित परिवारों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।