जनजातीय अंचल में 26 नवंबर को होगा भव्य मानस गान कार्यक्रम, तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

सुशील जयसवाल

 

मोरगा (कोरबा)। जनजातीय अंचल में शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 26 नवंबर 2026, गुरुवार को भव्य मानस गान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सरस्वती शिक्षा केंद्र संकुल मोरगा के आचार्यों, दीदी-भैया एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी ने आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

वनांचल शिक्षा सेवा न्यास, रायपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा संचालित शिक्षा गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों और समाज में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सामाजिक समरसता तथा भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी जरूरी है।

 

बैठक में मानस गान कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ आयोजन को व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय पर चर्चा हुई। साथ ही क्षेत्र के ग्रामीणजनों से भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की गई।

 

इस अवसर पर संकुल प्रभारी मोरगा सुश्री गिरिजेश नंदिनी, पूर्व संकुल समन्वयक शिवपाल बिंझवार, सामाजिक कार्यकर्ता रेवती रमण प्रताप सिंह, संकुल समन्वयक परमेश्वर सिंह बिंझवार, जनपद सदस्य जवाहर सिंह बिंझवार सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने जनसहयोग और सामूहिक सहभागिता से 26 नवंबर को होने वाले मानस गान कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों को उम्मीद है कि इस आयोजन से जनजातीय अंचल में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना को प्रोत्साहन मिलेगा।