मासूमों की खरीद-फरोख्त का काला कारोबार! नवजात बच्ची बेचने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

कृतिका साहू ने जितेन्द्र खेतान को बेची थी बच्ची, पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर मातृछाया में रखा; अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर इस अवैध नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र खेतान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि पूर्व में गिरफ्तार कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान को बेचा था। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित दस्तयाब कर बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया है। फिलहाल बच्ची को संरक्षण और देखभाल के लिए मातृछाया में रखा गया है।

 

आजाद चौक थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 307/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने पहले गिरफ्तार कृतिका साहू सहित अन्य महिला आरोपियों से पूछताछ की थी। इसी दौरान जितेन्द्र खेतान को नवजात बच्ची बेचे जाने का खुलासा हुआ। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में आरोपी से बच्ची के संबंध में वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया।

 

कई नवजातों की खरीद-बिक्री में शामिल होने का संदेह

 

पुलिस की जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि जितेन्द्र खेतान अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी शामिल रहा है। इस पूरे अवैध कारोबार में गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से गतिविधियां संचालित किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बच्चों की खरीद-बिक्री और आरोपियों के आपसी संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

 

जितेन्द्र खेतान की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की जांच में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई और राज सामने आ सकते हैं।