✍️ भागीरथी यादव
सिविल लाइन रामपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज; आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
कोरबा। जिले में 9 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ लैंगिक अपराध एवं प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान संतोष दास महंत (36 वर्ष), निवासी अटल आवास खरमोरा, वार्ड क्रमांक 23, कोरबा के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाना सिविल लाइन रामपुर पहुंचकर अपनी 9 वर्षीय पुत्री के साथ लैंगिक अपराध एवं प्रताड़ना किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 991/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। इस दौरान पीड़िता एवं उसकी मां के बयान दर्ज किए गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल अटल आवास खरमोरा का निरीक्षण किया तथा पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में कराया। इसके अलावा सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट की मदद से घटनास्थल से संबंधित आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए।
विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों एवं पीड़िता के कथनों के आधार पर पुलिस ने 25 नवंबर 2026 को आरोपी संतोष दास महंत को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 296, 115(2), 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 10 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध, शोषण अथवा प्रताड़ना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ित बच्चों की पहचान एवं गोपनीयता बनाए रखने में सहयोग करें।
