
सुशील जायसवाल
कोरबी के घनी आबादी क्षेत्र में दतैल हाथी का आतंक!
कटघोरा वनमंडल अंतर्गत केंदई रेंज के ग्राम कोरबी (चोटिया सर्किल) में सोमवार रात लगभग 8:30 बजे एक दतैल हाथी अचानक बस स्टैंड के समीप आबादी क्षेत्र में घुस आया। हाथी के पहुंचते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने मसाल, लाठी-डंडे, पटाखे और टीन-टप्पर का उपयोग कर हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया। इस दौरान हाथी ने एक ग्रामीण के मकान को नुकसान पहुँचाया। क्षेत्र में अफरातफरी और दहशत का माहौल बना रहा।
इधर, हाथियों की निगरानी में जुटी वन विभाग की गजराज टीम भी मौके पर तैनात रही। रेंजर अभिषेक दुबे लगातार लोकेशन लेते हुए ग्रामीणों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील करते रहे।
फिलहाल, वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरे से हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है। समाचार लिखे जाने तक दतैल हाथी कोरबी बस स्टैंड के आसपास ही विचरण कर रहा था।
⚡ अतिरिक्त परेशानी
गांव में आज शाम से ही बिजली आपूर्ति ठप्प है, जिससे अंधेरे में लोगों को और भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाथी के आतंक के बीच बिजली गुल होने से ग्रामीणों में डर और ज्यादा बढ़ गया।






