
अतुल श्रीवास्तव
सेंट जेवियर्स स्कूल परिसर में प्रतिदिन शाम 6 से रात 10 बजे तक होगा आयोजन
मुंगेली।
अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति मुंगेली के तत्वावधान में इस वर्ष भी भव्य तीन दिवसीय गरबा-डांडिया महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन 23 से 25 सितम्बर 2025 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक सेंट जेवियर्स स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि माता रानी की आराधना, भारतीय संस्कृति को जीवंत रखना और नगरवासियों को एक मंच पर जोड़ने के उद्देश्य से यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। बीते वर्षों की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नृत्य प्रेमियों की भागीदारी की उम्मीद है।
कार्यक्रम में प्रतिदिन पूजा-अर्चना, गरबा-डांडिया नृत्य और बच्चों व युवाओं की विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार सहित अधिकारियों को आमंत्रित करते हुए कहा कि यह आयोजन शहर की पहचान बन चुका है और सामाजिक समरसता व सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
आयोजन समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माता रानी की आराधना और गरबा-डांडिया की परंपरा को जीवंत बनाने का आह्वान किया है।






