![]()
✍️ भागीरथी यादव
डोंगरगढ़।
सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा को चुनौती देने वाले एक मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए निजी बस के कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। कॉलेज छात्राओं के साथ लंबे समय से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार कर रहे आरोपी की हरकतों से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित छात्राओं के अनुसार, कॉलेज आने-जाने के दौरान बस में सफर करते समय आरोपी कंडक्टर लगातार अशोभनीय टिप्पणियां करता था और जानबूझकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। रोजाना उसी बस से यात्रा करने की मजबूरी के चलते छात्राएं भय और तनाव में जी रही थीं, लेकिन आखिरकार उन्होंने साहस दिखाते हुए परिजनों के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस हरकत में आई। त्वरित जांच और छात्राओं के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी कंडक्टर नेतराम यादव, निवासी सुकुलदैहान, को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
“महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि” — एडिशनल एसपी
एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र नायक ने मामले पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि छात्राओं के बयान पूरी तरह स्पष्ट और विश्वसनीय हैं। उन्होंने दो टूक कहा,
“महिलाओं और छात्राओं की गरिमा से कोई समझौता नहीं होगा। सार्वजनिक परिवहन में इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
यह कार्रवाई न केवल पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि समाज में यह संदेश भी देती है कि अब चुप्पी नहीं, कार्रवाई होगी।






