देव दीपावली पर अरपा तट दीपमय — ब्राह्मण युवा आयाम का भव्य दीपदान एवं महाआरती सम्पन्न
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। बैकुण्ठ चतुर्दशी एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर सरकंडा स्थित जबड़ापारा घाट अरपा तट हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। ब्राह्मण युवा आयाम द्वारा आयोजित भव्य दीपदान और महाआरती ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भगवान लक्ष्मी नारायण की पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में गंगा आरती, भजन-कीर्तन और अरपा मैय्या की मनोहारी महाआरती ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। दीपों की चमक और आतिशबाज़ी के साथ देव दीपावली का दिव्य उत्सव मनाया गया। अध्यक्ष ज्योतिन्द्र उपाध्याय सहित संगठन के पदाधिकारी, महिला इकाई और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य सांस्कृतिक संरक्षण के साथ ही अरपा नदी की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश देना रहा। उपस्थित लोगों ने नदी संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया।
मनेर विधानसभा में मतदान के बीच हंगामा, आरजेडी प्रत्याशी भाई वीरेंद्र ने सुरक्षाकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप — प्रशासन ने किया खारिज
✍️ भागीरथी यादव पटना/मनेर। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग आज पूरे जोरों पर है। 121 सीटों पर हो रहे मतदान के बीच मनेर विधानसभा (187) से बड़ी खबर सामने आई है, जहां आरजेडी प्रत्याशी और मौजूदा विधायक भाई वीरेंद्र मतदान केंद्र पर हंगामे के कारण सुर्खियों में आ गए। सुबह से हो रही बंपर वोटिंग के बीच 11 बजे तक 27.65% और दोपहर 1 बजे तक 42.31% मतदान दर्ज किया गया है। राज्यभर में 3.75 करोड़ मतदाता 1314 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद कर रहे हैं। इसी बीच मनेर से एक सियासी टकराव ने माहौल गरमा दिया। — ✅ मतदान केंद्र पर तीखी बहस—भाई वीरेंद्र बनाम सुरक्षाकर्मी सूत्रों के अनुसार, भाई वीरेंद्र बूथ संख्या 79 पर अपनी पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे थे। मतदान के बाद उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर एक विशेष राजनीतिक दल के पक्ष में काम करने और मतदाताओं को डराने-धमकाने का गंभीर आरोप लगाया। उनके आरोप लगाते ही वहां तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। इसके बाद बूथ पर सुरक्षा और भी बढ़ा दी गई। — ✅ “सुरक्षाकर्मियों को जांच का अधिकार नहीं” — भाई वीरेंद्र मीडिया से बातचीत करते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा— सुरक्षाकर्मी मतदाताओं की अनुचित जांच कर रहे हैं कई बूथों पर मनमानी और अव्यवस्था चार बूथ होने के बावजूद एक ही लाइन, जिससे मतदाता परेशान यह व्यवस्था लोगों को वोट डालने से रोकने जैसा प्रयास उन्होंने साफ कहा कि वह इस पूरे मामले की चुनाव आयोग में शिकायत करेंगे। — ✅ प्रशासन का पलटवार — “सभी आरोप निराधार” प्रशासन ने आरजेडी प्रत्याशी के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा— सभी बूथों पर पर्याप्त सुरक्षा बल मौजूद कहीं से मतदाताओं को रोकने या डराने की शिकायत नहीं मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से जारी — ✅ पृष्ठभूमि: 2020 में मनेर की सीट पर भारी जीत पिछले विधानसभा चुनाव (2020) में भाई वीरेंद्र ने मनेर सीट से बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्होंने भाजपा के निखिल आनंद को 32,917 वोटों से मात दी थी। भाई वीरेंद्र — 94,223 वोट (47%) निखिल आनंद — 61,306 वोट (31%) ऐसे में इस बार भी मनेर सीट पर चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प और तनावपूर्ण माना जा रहा है। — ✅ पहले चरण की तस्वीर 121 सीटों पर वोटिंग 3.75 करोड़ मतदाता 1314 प्रत्याशी मैदान में सीएम नीतीश, डिप्टी सीएम, लालू परिवार सहित बड़े नेता वोट डाल चुके
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल विकासखण्ड में बनेगा स्टापडेम
✍️ भागीरथी यादव मटिया नाला परियोजना के लिए 3.36 करोड़ रुपए स्वीकृत रायपुर, 06 नवम्बर 2025। छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और सिंचाई क्षमता बढ़ाने की दिशा में लगातार पहल कर रही है। इसी क्रम में जल संसाधन विभाग द्वारा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखण्ड कसडोल के मटिया नाला में स्टापडेम निर्माण कार्य के लिए 3 करोड़ 36 लाख 60 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना से क्षेत्र में निस्तारी, भूजल संवर्धन, पेयजल आपूर्ति और आवागमन सुविधा में सुधार होगा। साथ ही, स्थानीय कृषक अपने स्वयं के संसाधनों से लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई कर सकेंगे। मंत्रालय महानदी भवन रायपुर से जारी आदेश के अनुसार, योजना के कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग रायपुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह योजना क्षेत्र में जल उपयोग की स्थिरता और कृषि उत्पादन में वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
धान खरीदी में पारदर्शिता लाने कलेक्टर ने किया कंट्रोल सेल का गठन
✍️ भागीरथी यादव जगदलपुर, 06 नवम्बर 2025 खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में बस्तर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर श्री हरिस एस के निर्देश पर जिला स्तरीय इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर तथा नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। इस पहल का उद्देश्य धान खरीदी के दौरान होने वाली संभावित अनियमितताओं पर अंकुश लगाना और किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य सुनिश्चित करना है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, मंत्रालय नया रायपुर से प्राप्त दिशा-निर्देशों तथा जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल की अनुशंसा के आधार पर यह विशेष व्यवस्था की गई है। यह कंट्रोल सेल जिला विपणन अधिकारी कार्यालय, जगदलपुर में स्थापित किया गया है। इसमें प्रमुख रूप से निम्न अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है— प्रभारी अधिकारी: डिप्टी कलेक्टर श्री सत्येन्द्र कुमार बंजारे (मो. 78884-78891) तकनीकी सहायक एवं डेटा प्रबंधन: सहायक प्रोग्रामर श्रीमती मेहरुन निशा (मो. 94079-43643) एवं श्री अघम भास (मो. 89628-49662) डेटा एंट्री एवं संचालन: श्री अभिषेक पाण्डेय (मो. 96699-66770) एवं श्री अभिषेक राव (मो. 79993-64923) लेखा अधिकारी एवं मॉनिटरिंग प्रभारी: श्री बलिराम कश्यप (मो. 99070-80814) सेल के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने हेतु प्रत्येक गतिविधि का पृथक रजिस्टर में संधारण किया जाएगा। साथ ही, जिला एवं तहसील स्तर से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं के त्वरित निराकरण के लिए एक नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा। शिकायतें एवं सुझाव नियंत्रण कक्ष नंबर 74898-70170 पर दर्ज किए जा सकेंगे। सभी प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की जानकारी खाद्य शाखा, जगदलपुर को नियमित रूप से भेजी जाएगी। यह कदम किसानों को न्यायपूर्ण मूल्य दिलाने और धान खरीदी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं प्रभावी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।
भारत का सर्विस सेक्टर मजबूत, अक्टूबर में एचएसबीसी पीएमआई 58.9 पर
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली, 06 नवम्बर 2025। एचएसबीसी ग्लोबल डेटा के अनुसार, भारत का सर्विस सेक्टर अक्टूबर में 58.9 के स्तर पर रहा, जो देश की आर्थिक गतिविधियों में मजबूती दर्शाता है। यह सूचकांक 50 के न्यूट्रल लेवल और 54.3 के लंबे औसत से काफी ऊपर है। एचएसबीसी की चीफ इंडिया इकोनॉमिस्ट प्रांजुल भंडारी ने कहा कि प्रतिस्पर्धा और भारी बारिश के कारण वृद्धि की गति थोड़ी धीमी रही, लेकिन मजबूत मांग और जीएसटी रेट कटौती से गतिविधियों को बल मिला। रिपोर्ट में बताया गया कि नए बिजनेस ऑर्डर्स में तेजी आई है, जबकि विदेशी मांग थोड़ी सुस्त रही। वहीं, मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई अक्टूबर में बढ़कर 59.2 हो गया, जो सितंबर के 57.7 से अधिक है। इससे यह संकेत मिलता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में सर्विस और मैन्युफैक्चरिंग दोनों सेक्टरों में सशक्त सुधार जारी है।
‘जशपुर जम्बूरी 2025’ की तैयारियां पूर्ण — कलेक्टर रोहित व्यास ने देशदेखा में किया स्थल निरीक्षण
✍️ भागीरथी यादव रायपुर, जशपुर जिले में 6 से 9 नवम्बर तक आयोजित होने वाले ‘जशपुर जम्बूरी 2025’ के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस चार दिवसीय आयोजन में जिले के युवाओं के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न हिस्सों और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक भाग लेंगे। आज कलेक्टर श्री रोहित व्यास और जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने देशदेखा पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पानी, बिजली, सुरक्षा, चिकित्सा, पार्किंग, कैंपिंग साइट और ग्राम केरा स्थित होमस्टे की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर जाकर तैयारियों की समीक्षा करें और संभावित कमियों को तुरंत दूर करें। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि सभी साहसिक गतिविधियाँ सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कराई जाएं ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। चार दिवसीय ‘जशपुर जम्बूरी’ में प्रतिभागियों को रोमांच, कला और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पहले दिन पंजीयन, स्वागत सत्र, आइस-ब्रेकर गेम्स और आर्ट वर्कशॉप होंगी। दोपहर में रॉक क्लाइम्बिंग, ज़िपलाइन, जुमरिंग और रैपलिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जबकि शाम को कल्चरल एंड फन इवनिंग और रात में स्टारगेज़िंग सेशन होगा। दूसरे और तीसरे दिन प्रतिभागी मयाली समूह में वॉटर स्पोर्ट्स (कायाकिंग, पैरामोटर, एटीवी, पेंटबॉल, हॉट एयर बलून) का आनंद लेंगे, जबकि देशदेखा समूह रानीदाह जलप्रपात, सारुडीह चाय बागान और संग्रहालय भ्रमण करेगा। शाम को सरना एथनिक रिज़ॉर्ट में सांस्कृतिक एवं संगीत संध्या का आयोजन होगा। तीसरे दिन दोनों समूह गतिविधियों का अदला-बदली कर भाग लेंगे। अंतिम दिन, 9 नवम्बर को एडवेंचर और आर्ट रोटेशन का फाइनल राउंड और क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित होगी। दोपहर में समूह फोटो और फीडबैक सेशन के साथ ‘जशपुर जम्बूरी 2025’ का समापन होगा।
अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 14 लीटर महुआ शराब जब्त – आरोपी जेल भेजा गया
✍️ भागीरथी यादव रायपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सरिया क्षेत्र के ग्राम बरपाली में मुखबिर की सूचना पर आबकारी उपनिरीक्षक लोकनाथ साहू के नेतृत्व में छापामार कार्रवाई की गई। छापे के दौरान आरोपी डिग्री चौहान पिता भुजबल चौहान, निवासी बरपाली, के मकान से 14 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक लोकनाथ साहू (सरिया), रामेश्वर राठिया (बरमकेला), हबील खलखो (बिलाईगढ़), मुख्य आरक्षक उमेश तथा सुरक्षा कर्मी मुकुंदराम चौहान और ढोल नारायण चौहान की विशेष भूमिका रही। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की सघन जांच और कार्रवाई कर अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।
बिहार में लोकतंत्र का पर्व शुरू, पहले चरण में मतदान जोरों पर
✍️ भागीरथी यादव बिहार में आज लोकतंत्र के महापर्व का आगाज़ पूरे उत्साह के साथ हुआ। पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक राज्य में 13.13% से अधिक मतदान दर्ज किया गया है। वहीं गोपालगंज में 36% और छपरा में 12% वोटिंग हुई है। मतदान शांतिपूर्ण माहौल में चल रहा है और मतदाता लंबी कतारों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए हैं। जागरूकता कार्यक्रमों के चलते युवा और महिला मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस चरण में कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर है — तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, अनंत सिंह, मैथिली ठाकुर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और नीतीश सरकार के 16 मंत्रियों की प्रतिष्ठा इसी वोटिंग पर टिकी हुई है। आज का मतदान यह तय करेगा कि सत्ता की कुर्सी तक किसकी राह आसान होगी — जनता की उंगलियों पर ही बिहार की सियासत की नई इबारत लिखी जा रही है।
बिहार चुनाव से पहले बीजेपी को करारा झटका, ललन पासवान ने थामा आरजेडी का हाथ
✍️ भागीरथी यादव बिहार- बिहार की सियासत में बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। भागलपुर जिले की पीरपैंती सीट से बीजेपी विधायक ललन पासवान ने पार्टी छोड़कर राजद (RJD) का दामन थाम लिया। टिकट कटने से नाराज ललन पासवान ने राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले यह फैसला बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पार्टी ने इस बार पीरपैंती सीट से मुरारी पासवान को उम्मीदवार बनाया था, जिससे नाराज होकर ललन पासवान ने इस्तीफा दे दिया। राजद में शामिल होने के बाद ललन पासवान ने कहा — “तेजस्वी मय बिहार बनाना है, हम सबने मिलकर ठाना है। तेजस्वी ही वर्तमान हैं, तेजस्वी ही भविष्य! जय भीम!!” उन्होंने भाजपा पर दलित नेतृत्व की अनदेखी का आरोप लगाया और कहा कि अब वे आंबेडकर के आदर्शों पर चलकर जनता के बीच सक्रिय रहेंगे। तेजस्वी यादव ने उनका स्वागत करते हुए कहा — “ललन जी जैसे ज़मीनी और जनप्रिय नेता का आरजेडी में स्वागत है, हमारा लक्ष्य सामाजिक न्याय और समग्र विकास है।”
गुरु पूर्णिमा के दिन झोराघाट में दर्दनाक हादसा — स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार गंभीर, चालक फरार
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। गुरु पूर्णिमा के दिन जिले के प्रसिद्ध झोराघाट पिकनिक स्पॉट के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार महिंद्रा स्कॉर्पियो ने एक दो पहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया। सूत्रों के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर झोराघाट में बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुँचे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, और पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।















