✍️ भागीरथी यादव
तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली खंभे से टकराई, युवक की मौके पर मौत
जगदलपुर। बस्तर जिले के देउरगांव से मोंगरापाल मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली खंभे के सपोर्टिंग पोल से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 40 वर्षीय गंगाधर कश्यप निवासी घाटधनोरा के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक से ससुराल चोलनार जा रहा था। इसी दौरान नगर पंचायत कार्यालय के सामने मोड़ पर बाइक से उसका नियंत्रण हट गया और बाइक सीधे बिजली खंभे के सपोर्टिंग पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गंगाधर उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बस्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
