बंद मकान से मिले मां-बेटे के शव, इलाके में सनसनी….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में एक किराये के मकान से मां और बेटे के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। छोटा अशोक नगर स्थित मकान में 52 वर्षीय मां जय जी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। दोनों पिछले करीब चार वर्षों से इस मकान में किराये पर रह रहे थे।

 

जानकारी के अनुसार, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास के लोगों को नजर नहीं आए थे। मकान का दरवाजा भी लगातार बंद था। इसी बीच कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। कमरे में महिला का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि बेटे का शव बिस्तर पर मिला।

 

ऑनलाइन पढ़ाती थीं मां, लंबे समय से बीमार था बेटा

 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं। वहीं उनका बेटा हंसमुख लंबे समय से बीमारी से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। दोनों के पिछले कई दिनों से बाहर नहीं निकलने के बावजूद किसी को उनकी स्थिति का अंदाजा नहीं था।

 

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, मौत की वजह अब भी रहस्य

 

घटना की सूचना पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे की बारीकी से जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

 

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मां-बेटे की मौत कैसे हुई? क्या दोनों की मौत बीमारी या किसी अन्य वजह से हुई अथवा मामला कुछ और है? इन सभी सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।