ताना खार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने किए कई विकास कार्यों का भूमिपूजन
पीडीएस भवन, सीसी रोड, सामुदायिक भवन और चबूतरा निर्माण की रखी नींव सुशील जायसवाल, कोरबी चोटिया। विधानसभा तानाखार के विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने 12 सितंबर, शुक्रवार को अपने क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का भूमिपूजन और शुभारंभ किया। इस दौरान ग्राम पंचायत सुतरा में पीडीएस भवन एवं सीसी रोड, ग्राम पंचायत रामपुर (त) में सामुदायिक भवन, ग्राम पंचायत पोंडी उपरोड़ा में धान खरीदी केंद्र परिसर में चबूतरा निर्माण, डभरीपारा में आंगनबाड़ी केंद्र भवन, पनिका समाज के लिए सामुदायिक भवन, तथा ग्राम पंचायत मड़ई में सांस्कृतिक मंच निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इसी क्रम में विधायक मरकाम ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ब्लॉक ईकाई पोड़ी उपरोड़ा कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विदवान सिंह मरकाम (जिला पंचायत सदस्य एवं अध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी कोरबा), गणेश मरपच्ची, सुरेश कुमार पोर्ते, रफीक अहमद, रामेश्वर सिंह उरे, ललित कुमार उईके, चैन सिंह नेटी, सहेतर सिंह राज (सरपंच), जगत नेताम, पदुम सिंह उईके, बेद प्रताप कोराम (जनपद सदस्य पाली), दिनेश केराम (जनपद सदस्य प्रतिनिधि), भुनेश्वर टेकाम (जनपद सदस्य पाली), राजेश मरावी, छोटू खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता, पंच-सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्राइवेट लिमिटेड रुंगटा सांस कंपनी के खिलाफ 13 सितंबर को तनेरा मातिन दाई मंदिर में आक्रोश रैली एवं आमसभा
सुशील जायसवाल, कोरबी चोटिया। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत रानी अटारी एवं विजय वेस्ट कोल माइंस के समीप प्रस्तावित रुंगटा सांस प्राइवेट लिमिटेड कोल माइंस का स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि विरोध कर रहे हैं। गोंडवाना समग्र विकास क्रांति आंदोलन के नेतृत्व में 13 सितंबर, शनिवार को तनेरा स्थित मातिन दाई मंदिर प्रांगण में विशाल आक्रोश रैली एवं आमसभा का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला मंत्रालय ने बिना भू-स्थापितों की सहमति और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना कंपनी को आवंटन कर दिया है। क्षेत्र में पहले से दो भूमिगत खदानें संचालित हैं, जिनसे सरकार को राजस्व तो मिल रहा है, लेकिन क्षेत्र का विकास आज तक अधूरा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुराने समझौते भी अब तक लागू नहीं हुए और अब एक और खदान खोलने से उनके जल-जंगल-जमीन जैसे बुनियादी संसाधनों से वंचित होना पड़ेगा। इस विरोध प्रदर्शन में बीजाडांड, तनेरा, सरमा, कोरबी, जलके, सिंदुरगढ़, बर्रा, बेतलो, सासिन, बासिन, हरदेवा, केदई, तेदूटिकरा एवं बगनखवा पारा समेत कई गांवों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य प्रभारी सुरेंद्र श्याम, पंचम सिंह श्याम, मनोज मरावी, नंदलाल नेताम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
3 माह से बिना मानदेय आंगनबाड़ी केंद्र चला रही जलेशिया पंडों
सुशील जायसवाल की रिपोर्ट राष्ट्रपति दत्तक पुत्र परिवार के साथ घोर अन्याय – विभाग की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश कोरबी चोटिया। जिले से करीब 102 किमी दूर पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत अडसरा की पंडों बस्ती केंदई में रहने वाली जलेशिया पंडों, पति बाबूलाल पंडों, पिछले तीन माह से बिना किसी मानदेय के मिनी आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन कर रही हैं। राष्ट्रपति दत्तक पुत्र परिवार से होने के बावजूद विभाग की लापरवाही और उपेक्षा ने उनकी स्थिति दयनीय बना दी है। जलेशिया पंडों रोजाना करीब 20 मासूम बच्चों को घर-घर से लाकर अपने ही टूटे-फूटे मकान में पढ़ाती हैं, उन्हें नाश्ता और दोपहर का भोजन बनाकर खिलाती हैं। बच्चों की उपस्थिति दर्ज कर रिपोर्ट भेजने से लेकर उनकी दिनचर्या संभालने तक सारा काम वे स्वयं करती हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से न तो गैस, चूल्हा, स्टेशनरी, बर्तन या खेलकूद की सामग्री उपलब्ध कराई गई है और न ही नियुक्ति पत्र दिया गया है। सेक्टर प्रभारी द्वारा मात्र मौखिक तौर पर केंद्र का संचालन सौंपा गया, जिसके बाद से वे अपनी जेब से खर्च और जंगल से लकड़ी लाकर खाना बनाने को मजबूर हैं। गौरतलब है कि पास ही एसईसीएल की विजय वेस्ट और रानी अटारी भूमिगत कोयला खदान संचालित है, जिससे सरकार को करोड़ों का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन पंडों बस्ती अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। ग्रामीणों का कहना है कि महिला एवं बाल विकास विभाग और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से जलेशिया पंडों के साथ घोर अन्याय हो रहा है। सवाल यह है कि क्या राष्ट्रपति दत्तक पुत्र परिवार से जुड़ी इस महिला को उसका हक मिलेगा या वह यूं ही दर-दर भटकने को मजबूर रहेगी?
कोटा विधानसभा में आज़ाद युवा संगठन का सदस्यता अभियान तेज, 55 लोग जुड़े संगठन से
बिलासपुर। आज़ाद युवा संगठन अपने जनाधार को मज़बूत करने के लिए लगातार सदस्यता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नावागांव में आयोजित कार्यक्रम में 55 लोगों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर संगठन प्रमुख इशहाक कुरैशी ने कहा कि आज़ाद युवा संगठन गरीबों, दबे-कुचले वर्गों और आम जनता की आवाज़ बनकर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन केवल नाम का संगठन नहीं है बल्कि यह युवाओं का ऐसा मंच है जो अन्याय, भ्रष्टाचार और शोषण के खिलाफ संघर्ष करने का हौसला रखता है। आने वाले समय में कोटा विधानसभा क्षेत्र में संगठन का और मज़बूत विस्तार होगा। अभियान में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। तीजमत बाई बिंझवार, राधा बाई बिंझवार, राजकुमारी धुर्वे, शुक्रिता श्रीवास, साधना यादव, हरकुँवार बाई खुसरो, सुमन मरावी, सावित्री बाई खुसरो, अंजू खुसरो, रानी खुसरो समेत बड़ी संख्या में महिलाएं संगठन से जुड़ीं। नए सदस्यों ने भरोसा जताया कि संगठन उनकी आवाज़ को बुलंदी देगा और समाज की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेगा। कार्यक्रम के अंत में इशहाक कुरैशी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन का मुख्य लक्ष्य समाज में बराबरी, न्याय और भाईचारे की स्थापना करना है।
खुले में मांस-मछली बिक्री पर रोक की मांग
बजरंग सेना ने निकाली रैली, कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन एमसीबी/चिरमिरी। श्री बजरंग सेना ने शुक्रवार को नगर पालिका निगम चिरमिरी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा और शहर में भव्य रैली निकालकर खुले में मांस-मछली की बिक्री बंद करने की मांग की। एक माह की मोहलत, वरना आंदोलन संगठन की प्रदेश अध्यक्ष भारती सिंह ने चेताया कि यदि एक महीने के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बजरंग सेना उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि खुले में बिक्री से स्वच्छता और व्यवस्था दोनों प्रभावित हो रही हैं। व्यवस्थित स्थान की माँग उपाध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि – “हम किसी के पेट पर लात नहीं मारना चाहते, बल्कि चाहते हैं कि निगम प्रशासन व्यवस्थित स्थान निर्धारित करे ताकि सभी के लिए सुविधा हो।” निगम प्रशासन पर निगाहें संगठन का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और नगर निगम प्रशासन की लापरवाही से लोग परेशान हैं। अब देखना यह है कि निगम प्रशासन क्या कदम उठाता है, क्योंकि बजरंग सेना ने साफ कर दिया है कि मांग पूरी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा।
पाँच माह से मानदेय नहीं मिलने से मितानिन प्रशिक्षिकाएँ परेशान
NHM की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, प्रशासन से की न्याय की गुहार बिलासपुर। शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली मितानिन प्रशिक्षिकाएँ (M.T.) और क्षेत्र समन्वयक (A.C.) पिछले पाँच महीनों से क्षतिपूर्ति (मानदेय/वेतन) न मिलने से आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रही हैं। इन कार्यकर्ताओं ने बताया कि अप्रैल से अगस्त 2025 तक का भुगतान लंबित है, जबकि वे लगातार सेवाएँ दे रही हैं। दो बार आदेश, फिर भी भुगतान अटका मितानिन प्रशिक्षिकाओं ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कार्यालय ने दो बार भुगतान आदेश जारी किए, लेकिन फाइलें अटक जाने से राशि अब तक खातों में नहीं पहुँची। इससे उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। आर्थिक संकट गहराया मितानिन पूर्णिमा सोनी और विजेता साहू ने कहा कि – “हमारी आय का यही एकमात्र साधन है। महीनों तक भुगतान न मिलने से बच्चों की पढ़ाई और घर खर्च तक प्रभावित हो रहा है।” कई प्रशिक्षिकाएँ आने-जाने का खर्च भी निकालने में असमर्थ हो रही हैं। ज्ञापन सौंपा, आंदोलन की चेतावनी सभी मितानिन प्रशिक्षिकाओं और क्षेत्र समन्वयकों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि यदि समाधान नहीं निकला तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगी। सेवाओं पर असर का खतरा मितानिन प्रशिक्षिकाएँ गर्भवती महिलाओं, बच्चों और मरीजों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाएँ पहुँचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर मानदेय नहीं मिला तो इसका सीधा असर आम नागरिकों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा।
सोठी की महिलाओं का बड़ा आंदोलन : अवैध नशा कारोबार के खिलाफ हुंकार
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, चेताया – “अब और नहीं सहेंगे जहर का व्यापार” बिलासपुर। मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत सोठी की महिलाओं ने अवैध नशा कारोबार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए महिलाओं ने साफ चेताया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगी। महिलाओं का आरोप गाँव और आसपास में महुआ शराब, गांजा और अन्य नशे के पदार्थ खुलेआम बिक रहे हैं। इसका असर बच्चों, छात्रों और युवाओं पर सबसे ज्यादा पड़ रहा है। माहौल बिगड़ रहा है और आने वाली पीढ़ी खतरे में है। ज्ञापन में प्रमुख माँगें नियमित सघन जांच अभियान कारोबारियों पर एफआईआर और जेल नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर स्थायी रोक महिलाओं की हुंकार सरपंच सीमा वस्त्रकार के नेतृत्व में पहुँचीं महिलाओं ने कहा – “अब गाँव की नारी शक्ति चुप नहीं बैठेगी। यदि प्रशासन सिर्फ औपचारिक कार्रवाई करेगा तो हम खुद मैदान में उतरेंगे।” प्रशासन की प्रतिक्रिया महिलाओं के इस आंदोलन के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशा कारोबार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्यवाही होगी।
ग्राम पंचायत डोंगाआमा में बंद मिला आंगनबाड़ी
कार्यकर्ता और सहायिका दोनों अनुपस्थित, बच्चों का भविष्य अधर में 📰 रिपोर्टर प्रदीप राव, करतला करतला ब्लॉक के ग्राम पंचायत डोंगाआमा में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर लापरवाही का बड़ा मामला उजागर हुआ। निर्धारित समय पर केंद्र का दरवाज़ा बंद मिला। कार्यकर्ता और सहायिका दोनों ही नदारद रहीं। बच्चों को पोषण आहार, गरम खाना और शिक्षा से वंचित होना पड़ा। फोन पर पूछताछ करने पर दोनों ने एक जैसा कारण बताया—”बच्चा बीमार है, अस्पताल जाना पड़ा।” लेकिन, दोनों का एक साथ अनुपस्थित रहना गंभीर सवाल खड़ा करता है। आंगनबाड़ी का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य जांच और प्रारंभिक शिक्षा देना है, साथ ही गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना भी इसकी अहम जिम्मेदारी है। मगर, लगातार बंद रहने से योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल “लापरवाही” नहीं बल्कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है। यदि स्थिति यूं ही रही तो आंगनबाड़ी योजना का असली मकसद अधूरा रह जाएगा।
विद्यालय निरीक्षण में लापरवाह शिक्षकों पर गिरी गाज
लोक सदन बीईओ आर. दयाल ने दिखाई सख्ती कोरबी/चोटिया- शिक्षा व्यवस्था को सुधारने और बच्चों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर. दयाल ने पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। सुबह 10:10 बजे जब वे प्राथमिक शाला खरपड़ी (संकुल रोदे) पहुँचे तो वहाँ हेड मास्टर अनुपस्थित मिले। इस लापरवाही पर बीईओ ने तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया। निरीक्षण यहीं तक सीमित नहीं रहा। बीईओ दयाल ने प्राथमिक शाला फुलसर, माध्यमिक शाला शरमा, प्राथमिक शाला तनेरा, प्राथमिक शाला बिलासपुर पारा, माध्यमिक शाला तनेरा, प्राथमिक शाला कररा बहरा, प्राथमिक शाला सुखारीताल और माध्यमिक शाला हरदेवा समेत कई विद्यालयों में पहुँचकर व्यवस्थाओं की हकीकत देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को नाश्ता और मध्यान्ह भोजन समय पर मिले। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जो शिक्षक मुख्यालय में निवास नहीं कर रहे हैं, वे तुरंत मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करें। बीईओ दयाल की इस सख्त कार्यवाही से शिक्षकों में हड़कंप मच गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाएँ मिलती रहें।
🪔 आज का राशिफल – 12 सितम्बर 2025, शुक्रवार 🪔
भागीरथी यादव मेष ♈ आज का दिन ऊर्जा से भरा रहेगा। नए कार्यों में सफलता मिलेगी। परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। वृषभ ♉ धैर्य बनाए रखें। किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है। कामकाज में थोड़ी रुकावट आ सकती है लेकिन शाम तक स्थिति सामान्य हो जाएगी। मिथुन ♊ आज यात्रा के योग हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई में मन लगाना होगा। परिवार में किसी बात को लेकर मतभेद संभव है, संयम से काम लें। कर्क ♋ व्यापार में लाभ मिलेगा। घर में खुशी का माहौल रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। सिंह ♌ नए अवसर सामने आएंगे। आत्मविश्वास से भरपूर रहेंगे। किसी बड़े निर्णय में परिजनों की सलाह लें। खर्चों पर नियंत्रण जरूरी है। कन्या ♍ आज आपका ध्यान कार्यों में अधिक रहेगा। जिम्मेदारियाँ बढ़ सकती हैं। जीवनसाथी के साथ समय अच्छा बीतेगा। तुला ♎ धन लाभ के योग हैं। किसी शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। नए रिश्ते जुड़ेंगे। मानसिक शांति मिलेगी। वृश्चिक ♏ आज का दिन मेहनत भरा रहेगा। कार्यक्षेत्र में सतर्क रहें। किसी से वाद-विवाद न करें। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है। धनु ♐ धार्मिक कार्यों में मन लगेगा। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिलेगा। भाग्य आपका साथ देगा। निवेश के लिए अच्छा समय है। मकर ♑ आज कोई पुराना विवाद सुलझ सकता है। करियर में प्रगति होगी। धन का आगमन होगा। माता-पिता का आशीर्वाद मिलेगा। कुंभ ♒ आज यात्रा सुखद रहेगी। नए लोगों से मुलाकात फायदेमंद होगी। दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी। मानसिक शांति बनी रहेगी। मीन ♓ आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। किसी मित्र की मदद से लाभ मिलेगा। पढ़ाई और करियर में सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। 👉 कुल मिलाकर 12 सितम्बर 2025 का दिन सकारात्मक और शुभ परिणाम देने वाला है।
















