✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/मानिकपुर। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में सेंट जेवियर्स स्कूल की बस से हुए सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग की।

जानकारी के अनुसार, भोकालू राम साहू (61 वर्ष), निवासी आरएसएस नगर को शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे सेंट जेवियर्स स्कूल की बस ने टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए एनकेएच (NKH) हॉस्पिटल, कोरबा रेफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि बस चालक भूरेलाल हादसे के समय शराब के नशे में था और अपनी पहचान तक ठीक से नहीं बता पा रहा था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही होगी।

बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने चालक की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने तत्काल 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता परिजनों को उपलब्ध कराई है, लेकिन परिजन इससे संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि केवल आर्थिक सहायता पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

फिलहाल मानिकपुर चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। यह घटना एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था, चालकों के सत्यापन और फिटनेस जांच तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

