पोड़ी-उपरोड़ा एसडीएम ने अवैध गिट्टी परिवहन करते दो हाइवा किए जब्त, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
सुशील जायसवाल
कोरबी-चोटिया, कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। कई स्थानों पर पुल-पुलियों, सड़कों एवं संपर्क मार्गों को नुकसान पहुंचा है। इसी स्थिति का जायजा लेने के लिए क्षेत्र भ्रमण पर निकले पोड़ी-उपरोड़ा के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मनोज कुमार बंजारे ने निरीक्षण के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन कर रहे दो हाइवा वाहनों को पकड़कर जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीएम मनोज कुमार बंजारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सरमा चौक के पास पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर तनेरा स्थित क्रशर प्लांट से गिट्टी लोड कर कोरबी-जटगा रेलवे साइडिंग की ओर जा रहे दो हाइवा वाहनों पर पड़ी। संदेह होने पर दोनों वाहनों को रोककर चालकों से गिट्टी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।
पूछताछ के दौरान दोनों वाहन चालक परिवहन से जुड़े किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज, रॉयल्टी पर्ची अथवा खनिज परिवहन अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेज नहीं मिलने पर एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, पसान तहसीलदार वीरेंद्र कुमार श्याम तथा कोरबी पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों की जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया अवैध रूप से गिट्टी परिवहन किए जाने की पुष्टि होने पर खनिज अधिनियम (माइनिंग एक्ट) के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान दोनों वाहन चालकों देवव्रत मरावी एवं टेकराम पाव के बयान भी मौके पर दर्ज किए गए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त दोनों हाइवा वाहनों को आगे की कार्रवाई हेतु कोरबी पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के सुपुर्द कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से खनिजों का अवैध परिवहन किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि इस बार प्रशासन ने स्वयं निरीक्षण के दौरान कार्रवाई कर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध खनिज परिवहन और बिना अनुमति के कारोबार करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि लगातार बारिश के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों एवं सड़कों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी निरीक्षण के दौरान हुई इस कार्रवाई ने प्रशासन की सतर्कता और अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख को भी सामने ला दिया है।
इस कार्रवाई के बाद पोड़ी-उपरोड़ा, कोरबी-चोटिया, तनेरा तथा आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि इसी प्रकार लगातार अभियान चलाया गया तो अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। वहीं प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ सघन जांच एवं कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
