✍️ भागीरथी यादव
तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथा फरार; रातभर चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन
कोरबा। जिले के मानिकपुर क्षेत्र अंतर्गत मूड़ापार बाजार के पास युवकों के दो गुटों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली बात को लेकर शुरू हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।
विवाद के बाद चाकू से ताबड़तोड़ हमला
जानकारी के अनुसार, घटना मूड़ापार बाजार के पास रावण दहन मैदान के पीछे स्थित बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास हुई। यहां युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक युवक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि युवक के शरीर पर आधा दर्जन से अधिक वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
जिला अस्पताल में युवक की मौत
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
रातभर चला सर्च अभियान, तीन आरोपी गिरफ्तार
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रातभर सर्च अभियान चलाया। इस दौरान तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
