✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में नकली पुलिसकर्मी बनकर एक बुजुर्ग से ठगी करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बुजुर्ग को गांजा रखने की बात कहकर डराया और जांच के नाम पर उनके सोने के गहने उतरवा लिए। इसके बाद आरोपियों ने असली गहनों की जगह नकली गहने पन्नी में रखकर उन्हें थमा दिए और मौके से फरार हो गए। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नारियल पानी पीकर लौट रहे थे घर

पीड़ित की पहचान खरमोरा निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी समीर चट्टोपाध्याय के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे बाइक से निहारिका क्षेत्र में नारियल पानी पीने गए थे। वहां से घर लौटते समय बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका पीछा किया और कुछ दूर आगे उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि वे काफी देर से उन पर नजर रख रहे हैं और इलाके में पुलिस की रेड चल रही है।
गांजा होने की बात कहकर डराया
आरोपियों ने बुजुर्ग से कहा कि उनके पास गांजा होने की सूचना मिली है। पुलिस का नाम सुनकर पीड़ित घबरा गए। इसी दौरान आरोपियों ने उनसे एक कागज पर हस्ताक्षर भी करवाए। हस्ताक्षर कराने के बहाने एक आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन और हाथ से अंगूठी उतरवा ली। आरोपियों ने गहनों को एक पन्नी में रखने का दिखावा किया और दूसरी पन्नी पीड़ित को थमा दी।
घर पहुंचने पर हुआ ठगी का खुलासा
बुजुर्ग को उस समय विश्वास था कि उनके गहने सुरक्षित रख दिए गए हैं। घर पहुंचकर जब उन्होंने पन्नी खोलकर देखी तो उसमें सोने की चेन और अंगूठी के बजाय नकली गहने मिले। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच में जुटी पुलिस
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना निहारिका क्षेत्र में हुई है। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बाइक से आए थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बाइक के नंबर और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है।
पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी शातिर ठग गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
