बिलासपुर/पोड़ी उपरोड़ा। जल संसाधन विभाग परिसर, खारंग (बिलासपुर) में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (वीबीजी रामजी) के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए निर्वाचित जनपद पंचायत प्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यशाला में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के नवीन प्रावधानों एवं डिजिटल प्रणाली से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने जनप्रतिनिधियों को ग्रामीण श्रमिकों को 100 दिनों का रोजगार सुनिश्चित करने की प्रक्रिया, वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने, जल संरक्षण, भूमि विकास, अधोसंरचना निर्माण तथा योजना के संचालन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के विषय में प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण में कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। जनपद पंचायत अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर, जनपद सदस्य भारत सिंह सिदार तथा श्रीमती कमला पेंद्रो सहित कोरबा एवं जांजगीर-चांपा जिले के अनेक निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर योजनाओं के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं की समझ तथा जनहितकारी कार्यों को गति देने में सहायता मिलती है। उन्होंने प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में करते हुए ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा पलायन रोकने की दिशा में प्रभावी कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
रिपोर्ट: सुशील जायसवाल, पोड़ी उपरोड़ा
