आज का राशिफल

✍️ भागीरथी यादव आज का संदेश   मेष आज आपका मन थोड़ा उक­sाने वाला हो सकता है — धैर्य रखें। आपने जो काम शुरू किया है, उसे पूरा करना बेहतर रहेगा। वृषभ आज का दिन आपके लिए कुछ नए अवसर लेकर आ सकता है—विशेष रूप से व्यापार-यात्रा या विकास से जुड़ा। लेकिन खर्चों पर नियंत्रण जरूरी। मिथुन आपका मानसिक उत्साह बढ़ रहा है। आज कुछ नया सीखना या खुद को बदलना आपके लिए लाभदायक होगा। कर्क समूह-कार्यक्षेत्र में तालमेल अच्छा रहेगा। लेकिन आपसे अधिक उम्मीदें होंगी — जिम्मेदारी समझें। सिंह आज परिवार-घर में संवाद महत्वपूर्ण रहेगा। आप अपनी बात सोच-समझ कर रखें, असर बेहतर होगा। कन्या आप हाल-ही में बहुत कुछ संभाल रहे हैं, आज उसका सकारात्मक प्रभाव दिख सकता है। निर्णय लेने में संयम रखें। तुला आपके लिए वित्त-मुद्दे व संबंध-क्षेत्र में संतुलन महत्वपूर्ण रहेगा। लूट-पाट की बजाय समझदारी से काम लें। वृश्चिक आज आप ऊर्जावान महसूस करेंगे, लेकिन अपनी शक्ति का सही उपयोग करें। वित्त-व्यवहार में सतर्क रहें। धनु बदलाव के संकेत हैं—शांत रहना और पुरानी बातें पीछे छोड़ना आज लाभदायक रहेगा। मकर आज थोड़ा धीमा दिन हो सकता है, लेकिन यह तैयार-होनے का समय भी है। जल्दबाजी से बचें। कुंभ आप कुछ नया सोच रहे हैं — उसके लिए आज उपयुक्त समय है। अपनी योजनाओं को संवेदनशीलता से आगे बढ़ाएं। मीन आपने काफी बदलावा देखा है, आज उसे स्वीकार करें। जल्दबाजी न करें, धीरे-धीरे आगे बढ़ना बेहतर रहेगा।  

थाने में सौदेबाज़ी कर रहे थे पुलिसकर्मी, एसीबी ने किया रंगे हाथ गिरफ्तार

रिश्वतखोरी की गंध आते ही गिरी एसीबी की गाज, पटना थाना में मचा हड़कंप   कोरिया। जिले के पटना थाना परिसर में शुक्रवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रिश्वतखोरी के खेल में लिप्त एएसआई पी. टोप्पो और पुलिस मित्र राजू को ₹12,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद दोनों को एसीबी टीम ने पकड़कर बैकुंठपुर लाकर आगे की कार्यवाही प्रारंभ की है।   एसीबी डीएसपी प्रमोद कुमार खेश ने बताया कि 6 अक्टूबर 2025 को शिकायतकर्ता शाह खान ने एसीबी कार्यालय में आवेदन देकर पुलिसकर्मी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी।   मामला शाह खान की बेटी रज़िया खान के सड़क हादसे से जुड़ा था। अप्रैल 2024 में ग्राम खोड़ निवासी अश्विनी कुमार उर्फ पिंटू ने मोटरसाइकिल से टक्कर मार दी थी, जिससे रज़िया का पैर टूट गया। प्रारंभ में आरोपी ने इलाज का खर्च उठाने की बात कही और ₹25,000 जमा भी किए, पर बाद में बाकी रकम देने से मुकर गया।   सितंबर 2025 में शाह खान ने आरोपी के खिलाफ थाना पटना में रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच की आड़ में एएसआई टोप्पो ने शाह खान से कहा कि अगर वह ₹10,000 देगा, तो मामला निपटा देगा और कोर्ट से मुआवजा भी दिलवा देगा। शाह खान ने इसकी सूचना एसीबी को दी। शिकायत के सत्यापन के दौरान टोप्पो ने रिश्वत राशि बढ़ाकर ₹15,000 कर दी और सौदा तय किया।   एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाते हुए शाह खान को रकम लेकर थाना भेजा। तय समय पर जैसे ही राजीव कुमार देवांगन (पुलिस मित्र राजू) ने शाह खान से ₹12,000 लिए, एसीबी टीम ने तत्काल दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।   अचानक हुई इस कार्रवाई से थाने में अफरातफरी मच गई। एसीबी ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।   इस घटना के बाद पूरा पुलिस महकमा सकते में है। लोग कह रहे हैं—   “जो न्याय की उम्मीद लेकर थाना आया था, वहीं न्याय बिक रहा था — लेकिन इस बार बिकने से पहले पकड़ा गया।”  

पाँच आरोपी केबल चोरी प्रकरण में गिरफ्तार, चरचा पुलिस ने की कार्रवाई

  कोरिया/बैकुंठपुर। थाना चरचा क्षेत्र में हुए केबल चोरी प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।   प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी धरमनारायण राजवाड़े, निवासी विवेकानंद कॉलोनी चरचा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एसईसीएल चरचा में कार्यरत है। बीती रात लगभग 11 बजे कार्यस्थल 56 लेवल पंप के पास कार्य करते समय काटने जैसी आवाज सुनाई दी। जब सभी कर्मियों ने जाकर देखा, तो पाया कि वहाँ रखे लगभग 450 मीटर लंबे केबल तार को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कटर मशीन से काटकर चोरी कर लिया गया था। चोरी गए केबल की कीमत लगभग 70 से 80 हजार रुपये बताई गई।   थाना चरचा में अपराध क्रमांक 201/2025, धारा 331(4), 305(ई) भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।   जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पाँच संदेहियों को हिरासत में लिया —   1. मंगल उर्फ गोलू बसोर (24 वर्ष)     2. पुरुषोत्तम उर्फ गोलर बसोर (21 वर्ष)     3. मोहित बसोर (21 वर्ष)     4. अयोध्या बसोर (19 वर्ष)     5. नितेश बसोर (19 वर्ष) — सभी निवासी घुटरी दफाई हैं। पूछताछ में पाँचों ने केबल चोरी की घटना स्वीकार कर ली।       आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।   इस कार्रवाई में एसडीओपी बैकुंठपुर राजेश साहू के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रमोद पांडे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल सोनवानी, सहायक उपनिरीक्षक बालकृष्ण राजवाड़े एवं स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

बिहार विधानसभा चुनाव: मतदान के दिन सभी कर्मचारियों को मिलेगा सवेतन अवकाश

✍️ भागीरथी यादव   पटना। भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव और देश के आठ विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। साथ ही आयोग ने मतदान के दिन सभी कर्मचारियों को सवेतन अवकाश देने का आदेश जारी किया है। यह कदम मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।   बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। वहीं, आठ विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव भी 11 नवंबर को ही संपन्न होंगे।   जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135(बी) के तहत प्रत्येक कर्मचारी — चाहे वह किसी उद्योग, व्यवसाय या अन्य प्रतिष्ठान में कार्यरत हो — मतदान के दिन सवेतन अवकाश पाने का हकदार होगा। इस दौरान कर्मचारियों के वेतन में कोई कटौती नहीं की जाएगी। नियम का उल्लंघन करने वाले नियोक्ताओं पर जुर्माना लगाया जा सकता है। यह प्रावधान दैनिक वेतनभोगी और आकस्मिक कर्मचारियों पर भी लागू होगा।   निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जो कर्मचारी अपने मतदान क्षेत्र से बाहर अन्य स्थानों पर कार्यरत हैं, वे भी मतदान के दिन सवेतन अवकाश प्राप्त कर सकेंगे ताकि वे अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र में जाकर मतदान कर सकें। यह नियम सुनिश्चित करता है कि प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का उपयोग करने का पूरा अवसर मिले।   आयोग ने सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को निर्देश दिया है कि वे इस नियम का सख्ती से पालन कराएं और सभी नियोक्ताओं तथा विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें।   बिहार में इस घोषणा से कर्मचारियों और दैनिक मजदूरों में खुशी की लहर देखी जा रही है। आयोग ने नियोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवकाश का लाभ देने में पूरा सहयोग करें, ताकि लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हों। यह कदम मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चंगाई सभा के नाम पर धर्मांतरण का आरोप, तीन गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव   सरगुजा। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हारता में चंगाई सभा के नाम पर धर्मांतरण कराने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।   जानकारी के अनुसार, गांव में ईसाई समुदाय द्वारा चंगाई सभा आयोजित की गई थी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों को बुलाकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था। इसकी सूचना हिंदू संगठनों को मिली तो उनके सदस्य मौके पर पहुंचे और विरोध किया।   हंगामे की सूचना मिलते ही दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि सभा के दौरान हिंदू धर्म के प्रति आपत्तिजनक बातें कही जा रही थीं और लोगों को दूसरे धर्म में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।   पुलिस ने इस मामले में जयप्रकाश साव, अजित कुजूर और झकल राम प्रजापति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है, और अन्य लोगों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

बड़ा हादसा टला! बाल-बाल बची वृद्ध महिला

सुशील जायसवाल   कोरबी (चोटिया)। शुक्रवार की शाम करीब 8 बजे ग्राम पंचायत कोरबी के बाजार पारा मोहल्ले में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। एक नशे में धुत टैंकर चालक ने तेज रफ्तार में वाहन (टैंकर क्रमांक CG-16-A-1896) को रानी अटारी की ओर पीछे से ले जाते हुए साप्ताहिक बाजार के पास दुर्गा पंडाल के सामने बिजली के पोल और एक मकान में टक्कर मार दी।   टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मकान में उस समय 60 वर्षीय वृद्ध महिला इंदु वासनी पति स्व. दिलीप चक्रवर्ती सो रही थीं। सौभाग्य से उन्हें खरोंच तक नहीं आई। ग्रामीणों ने बताया कि चालक पूरी तरह नशे में था और नियंत्रण खो बैठा था।   घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे, निरीक्षण किया और टैंकर को अपने कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।   स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि गनीमत रही — अन्यथा घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण यह दुर्घटना बड़े जनहानि का कारण बन सकती थी।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में की शिरकत

✍️ भागीरथी यादव   कोटा। राज्यपाल श्री रमेन डेका कोटा स्थित डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। उन्होंने 195 विद्यार्थियों को पीएचडी उपाधि और 189 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किया। इस दौरान विश्वविद्यालय की दीक्षांत स्मारिका और अन्य प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया।   राज्यपाल ने कहा कि भाषा ज्ञान का माध्यम है, बाधा नहीं। केवल अंग्रेजी जानने से कोई ज्ञानी नहीं बनता। उन्होंने विद्यार्थियों को समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए समाज और माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त करने की प्रेरणा दी।   राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का माध्यम है। शिक्षक और विद्यार्थी के बीच संवाद, विश्वास और प्रेरणा का रिश्ता आवश्यक है। उन्होंने विश्वविद्यालय को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अपनी माता के नाम पर पौधा रोपण किया।   कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री सुशांत शुक्ला, कुलाधिपति श्री संतोष चौबे, कुलपति डॉ. प्रदीप कुमार घोष सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

हाईटेंशन तार से झुलसा नाबालिग, मंत्री ने लिया संज्ञान — अब न्याय की उम्मीद

  मनेंद्रगढ़/झगड़ाखांड। एमसीबी ग्राम पंचायत नेऊर निवासी बुद्धसेन सिंह (पुत्र स्व. भोला सिंह) ने थाना झगड़ाखांड में एक गंभीर मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि समीर बस हास के मालिक सैफ ने उनके नाबालिग भांजे दिनेश सिंह (14 वर्ष) से अवैध रूप से खलासी का काम कराया।   परिजनों के बार-बार मना करने के बावजूद भी बस मालिक ने नाबालिग से मजदूरी कराना जारी रखा। मई माह में ग्राम कोड़ा में एक शादी समारोह के दौरान सामान उतारते समय दिनेश सिंह हाईटेंशन तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।   पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना की सूचना परिवार को नहीं दी गई और न ही तत्काल इलाज की व्यवस्था की गई। बस मालिक ने घटना को दबाने और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की।   बुद्धसेन सिंह के अनुसार, जब वे मनेंद्रगढ़ अस्पताल पहुंचे, तो उनका भांजा वहां नहीं मिला। बाद में पता चला कि दिनेश अपने जीजा और बहन के साथ भरतपुर में है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद तीनों रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। करीब 20–25 दिनों तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने पुलिस और मीडिया से गुहार लगाई।   शिकायत के एक सप्ताह बाद किसी अनजान नंबर से जीजा और बहन का फोन आया कि “हम लोग रायपुर में हैं।” इस सूचना के बाद पत्रकार सुनील शर्मा ने मामले को गंभीरता से उठाया और कोरिया जिले के सीएचएमओ प्रशांत सिंह से संपर्क किया। सीएचएमओ ने रायपुर से एंबुलेंस भेजकर पीड़ित को झिजकोली (थाना कोटाडोल) पहुंचवाया।   पत्रकार की रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। 16 अक्टूबर को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले का स्वयं संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने एंबुलेंस भेजकर दिनेश को मनेंद्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।   थाना कोटाडोल प्रभारी ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए और मेडिकल परीक्षण भी कराया।   इस बीच, पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि बस मालिक सैफ लगातार दबाव बनाकर बच्चे को अस्पताल से हटवाने की कोशिश कर रहा है। परिवार का कहना है कि बच्चे का पिता पोलियो से ग्रसित है और घर में वही एक कमाने वाला सदस्य था, जो अब जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।   18 सितंबर को शिकायत दर्ज होने के बावजूद बस मालिक के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर कब तक पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाता है।

महासमुंद में रेडक्रॉस शिविर में शासकीय हाई स्कूल रोहिना के छात्रों ने भाग लिया

महासमुंद: भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला इकाई महासमुंद द्वारा सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय रेडक्रॉस शिविर में शासकीय हाई स्कूल रोहिना के छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस शिविर में अजय राणा, अनिल ओगरे, संदीप सेठ और सुमित यादव ने संस्था प्रमुख अजय कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन और रेडक्रॉस काउंसलर क्रांति कुमार साहू के नेतृत्व में हिस्सा लिया।   छात्रों ने शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर सेवा, सहयोग, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता से संबंधित महत्वपूर्ण ज्ञान हासिल किया। विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर उन्होंने टीमवर्क और सामाजिक उत्तरदायित्व की समझ भी विकसित की।   शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्राचीन नगरी सिरपुर का भ्रमण करने का अवसर भी मिला। उन्होंने लक्ष्मण मंदिर, गंधेश्वर मंदिर, बौद्ध स्तूप, बौद्ध प्रतिमा और संग्रहालय का अवलोकन किया। लौटकर छात्रों ने विद्यालय में अपने अनुभव साझा किए और बताया कि यह अनुभव उनके लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।   जिलेभर से लगभग 700 छात्र-छात्राओं ने इस शिविर में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना का विकास करना और उन्हें सामाजिक कार्यों से जोड़ना था। रोहिना स्कूल के छात्रों की सहभागिता ने विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।  

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 का आयोजन राजस्थान में, 5,000 से अधिक एथलीट होंगे शामिल

✍️ भागीरथी यादव   जयपुर, राजस्थान: खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) का पांचवां संस्करण 24 नवंबर से 5 दिसंबर 2025 तक राजस्थान के सात शहरों – जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर – में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में 23 पदक विजेता खेल और एक प्रदर्शन खेल (खो-खो) शामिल होंगे। इस साल लगभग 5,000 एथलीटों के भाग लेने की उम्मीद है।   केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि केआईयूजी भारत के खेल परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मंच है, जो युवा एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत किया जाएगा।   इस संस्करण में पहली बार बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग, कयाकिंग और साइकिलिंग को शामिल किया जा रहा है। पिछले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय चैंपियन रहा था, जबकि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे थे।   खेलो इंडिया पहल के तहत अब तक देश में 20 संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं, जिसमें यूथ गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स, विंटर गेम्स, पैरा गेम्स और बीच गेम्स शामिल हैं।

अन्य खबरे

कटघोरा क्षेत्र में बिना नंबर के ट्रैक्टरों पर सख्ती, ड्राइवरों के लाइसेंस जांच के निर्देश
ब्रेकिंग न्यूज अज्ञात हमलावर के वार से 80 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल, गांव में दहशत
बारिश और ओलों से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत — जंगल की आग पर भी काबू
सकरी पुलिस ने हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, मामूली विवाद बना मौत की वजह
कोरबी में सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल: विद्यार्थियों ने किया पुलिस चौकी का शैक्षणिक भ्रमण
कोरबा नगर निगम का आदेश: इन तिथियों पर मांस बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित