महासमुंद में रेडक्रॉस शिविर में शासकीय हाई स्कूल रोहिना के छात्रों ने भाग लिया
महासमुंद: भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला इकाई महासमुंद द्वारा सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय रेडक्रॉस शिविर में शासकीय हाई स्कूल रोहिना के छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस शिविर में अजय राणा, अनिल ओगरे, संदीप सेठ और सुमित यादव ने संस्था प्रमुख अजय कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन और रेडक्रॉस काउंसलर क्रांति कुमार साहू के नेतृत्व में हिस्सा लिया। छात्रों ने शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर सेवा, सहयोग, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता से संबंधित महत्वपूर्ण ज्ञान हासिल किया। विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर उन्होंने टीमवर्क और सामाजिक उत्तरदायित्व की समझ भी विकसित की। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्राचीन नगरी सिरपुर का भ्रमण करने का अवसर भी मिला। उन्होंने लक्ष्मण मंदिर, गंधेश्वर मंदिर, बौद्ध स्तूप, बौद्ध प्रतिमा और संग्रहालय का अवलोकन किया। लौटकर छात्रों ने विद्यालय में अपने अनुभव साझा किए और बताया कि यह अनुभव उनके लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। जिलेभर से लगभग 700 छात्र-छात्राओं ने इस शिविर में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना का विकास करना और उन्हें सामाजिक कार्यों से जोड़ना था। रोहिना स्कूल के छात्रों की सहभागिता ने विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 का आयोजन राजस्थान में, 5,000 से अधिक एथलीट होंगे शामिल
✍️ भागीरथी यादव जयपुर, राजस्थान: खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) का पांचवां संस्करण 24 नवंबर से 5 दिसंबर 2025 तक राजस्थान के सात शहरों – जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर – में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में 23 पदक विजेता खेल और एक प्रदर्शन खेल (खो-खो) शामिल होंगे। इस साल लगभग 5,000 एथलीटों के भाग लेने की उम्मीद है। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि केआईयूजी भारत के खेल परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मंच है, जो युवा एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत किया जाएगा। इस संस्करण में पहली बार बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग, कयाकिंग और साइकिलिंग को शामिल किया जा रहा है। पिछले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय चैंपियन रहा था, जबकि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे थे। खेलो इंडिया पहल के तहत अब तक देश में 20 संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं, जिसमें यूथ गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स, विंटर गेम्स, पैरा गेम्स और बीच गेम्स शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में 208 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, बस्तर में माओवादी गतिविधियों पर बड़ा प्रभाव
✍️ भागीरथी यादव जगदलपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित माड़ क्षेत्र में शुक्रवार को 208 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। यह कार्यक्रम बस्तर जिले के रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा वर्चुअली शामिल हुए। पिछले तीन दिनों में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की संख्या 405 तक पहुंच गई है। गुरुवार को 170 और बुधवार को 27 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में 110 महिलाएं और 98 पुरुष शामिल हैं, जिनमें कई उच्च पदों पर रहे माओवादी कमांडर भी शामिल हैं। मुख्य आत्मसमर्पणकर्ता रूपेश (सतीश उर्फ असन्ना) हैं, जो माओवादी सैन्य शाखा के खुफिया प्रमुख और विस्फोटक विशेषज्ञ थे। इस मौके पर उन्होंने 153 हथियार सुरक्षाबलों को सौंपे, जिनमें एके-47, एसएलआर, इंसास, कार्बाइन, बारह बोर और ग्रेनेड लॉन्चर शामिल हैं। मुख्यमंत्री साय ने इसे बस्तर में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण मोड़ करार दिया और कहा कि इस क्षेत्र की असली ताकत आत्मनिर्भरता, शिक्षा और सम्मान में निहित है। उन्होंने बताया कि उत्तरी बस्तर और अबूझमाड़ को पूरी तरह से नक्सलवाद से मुक्त घोषित किया गया है। बीजेपी सरकार के पिछले 22 महीनों में कुल 477 नक्सली मारे गए, 1,785 गिरफ्तार और 2,110 ने आत्मसमर्पण किया।
भारतीय डाक में बड़ा बदलाव: 24-48 घंटे में मेल और पार्सल डिलीवरी शुरू
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली: केंद्रीय संचार और आईटी मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारतीय डाक अगले साल जनवरी से गारंटी आधारित डिलीवरी सेवाएं शुरू करेगा। इसके तहत मेल और पार्सल को 24 घंटे और 48 घंटे में डिलीवर किया जाएगा। सिंधिया ने बताया कि पार्सल की नेक्स्ट-डे डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी, जो वर्तमान में 3-5 दिन में होती है। यह कदम भारतीय डाक को तेज, भरोसेमंद और आधुनिक बनाने के लिए उठाया गया है। मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2029 तक भारतीय डाक को ‘लागत केंद्र’ से ‘लाभ केंद्र’ में बदलना है। इसके साथ ही ग्रामीण डाक सेवकों के लिए नए व्यवसायिक अवसर और वोकेशनल ट्रेनिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी। सिंधिया ने ग्रामीण डाक सेवकों की सराहना करते हुए कहा, “हमारे ग्रामीण डाक सेवक भारत की पूंजी हैं। वे गाँव-गाँव जाकर विश्वास और प्रेम का संबंध स्थापित करते हैं।” इस नई पहल के बाद भारत पोस्ट की सेवाओं में तेज़ी आएगी और निजी कूरियर कंपनियों के साथ प्रभावी प्रतिस्पर्धा संभव होगी।
राज्य स्तरीय के विजेता खिलाड़ी होंगे राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप रायपुर में शामिल
महासमुंद। छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद तथा जिला तीरंदाजी संघ, बागबाहरा के संयुक्त तत्वावधान में 25वीं राज्य स्तरीय जूनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप 2025-26 का भव्य आयोजन मिनी स्टेडियम सुनसुनिया, बागबाहरा में 16 अक्टूबर 2025 को संपन्न हुआ। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य स्तरीय खेलों के सभी मापदंडों का पालन किया गया। खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता जैसा अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम में जिले के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, जिला तीरंदाजी संघ महासमुंद के अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, सचिव एवन कुमार साहू, अरविंद छाबड़ा, पुनेंद्र चंद्राकर, सोमनाथ साहू, रिंकल बग्गा, मुकेश वेगड़, संजय पटेल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। — 🏹 विजेताओं की सूची (बालक वर्ग) इंडियन राउंड: प्रथम – विक्रम राज (बिलासपुर), द्वितीय – प्रियांशु मरकाम (बिलासपुर), तृतीय – कुबेर सिंह (बिलासपुर) रिकर्व राउंड: प्रथम – गीतेश यादव (कोरबा), द्वितीय – श्रेयांश वर्मा (बालोद), तृतीय – तरुण जांगड़े (भारतीय खेल प्राधिकरण रायपुर) कंपाउंड राउंड: प्रथम – रुस्तम (राजनांदगांव), द्वितीय – आर्यन (कोंडागांव), तृतीय – निशांत पटेल (खेलो इंडिया सेंटर बिलासपुर) — 🎯 विजेताओं की सूची (बालिका वर्ग) इंडियन राउंड: प्रथम – सरिता बघेल (दंतेवाड़ा), द्वितीय – माया (बिलासपुर), तृतीय – चांदनी साहू (खेलो इंडिया सेंटर बिलासपुर) रिकर्व राउंड: प्रथम – क्षमा पिस्दा (भारतीय खेल प्राधिकरण रायपुर), द्वितीय – फलक यादव, तृतीय – दक्षा यादव कंपाउंड राउंड: प्रथम – अदिति (कोंडागांव), द्वितीय – पद्मा साहू (महासमुंद), तृतीय – देविका साहू (रायपुर)– 🏅 विशेष आकर्षण कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विश्व पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप (दक्षिण कोरिया) में दो पदक विजेता टोमन कुमार का पारंपरिक स्वागत किया गया। टोमन कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा – “तीरंदाजी खेल में शारीरिक श्रम से अधिक मानसिक एकाग्रता की आवश्यकता होती है। गुरु के मार्गदर्शन के बिना सफलता संभव नहीं।” — 🏆 प्रतिभाग और आयोजन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 जिलों से 27 टीमों के 240 तीरंदाज व 55 कोच-मैनेजर शामिल हुए। महासमुंद जिले से खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर भोरिंग तथा बॉल आश्रम बिहाझर बागबाहरा के खिलाड़ी शामिल हुए। समापन समारोह में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, उपाध्यक्ष देवेश साहू, प्रेम साहू, मंता यादव सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में श्रद्धा सोनवानी, कुशल रजक, बिंदेश्वरी, साक्षी विश्वकर्मा, ऋषि कपूर साहू, हिरेन्द्र देवांगन, बसंत मांझी का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन डॉ. विकास अग्रवाल व सोमनाथ साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन अरविंद छाबड़ा ने किया।– राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सभी विजेता खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पोड़ी उपरोड़ा – सरपंच संघ ने कलेक्टर अजीत बसंत से की सौजन्य भेंट, बुनियादी सुविधाओं की रखी मांग
संवाददाता – सुशील जायसवाल पोड़ी उपरोड़ा: पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के सरपंच संघ प्रतिनिधिमंडल ने आज गुरुवार, 16 नवंबर को कलेक्टर अजीत बसंत से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं एवं विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। इस दौरान सरपंच संघ के अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर अपनी मांगें कलेक्टर के समक्ष रखीं। बैठक में कलेक्टर अजीत बसंत ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि ब्लॉक में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। सरपंच संघ ने कलेक्टर बसंत के अब तक के कार्यकाल में पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में तेजी से हुए विकास कार्यों के लिए उन्हें धन्यवाद, बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर चंदिका पोर्ते, अनग विलाश सिंह, अमृता मरकाम, मनदेव सिंह श्याम, चंद्रकला पोर्ते सहित समस्त सरपंचगण उपस्थित रहे।
सभापति के नेतृत्व में नागरिकों का विशाल धरना प्रदर्शन
✍️ भागीरथी यादव आक्रोशित संगठनों और नेताओं ने कहा — प्रशासन होश में आए! कोरबा। कोरबा नगर की जर्जर सड़कों को लेकर नागरिकों का आक्रोश आज सड़कों पर फूट पड़ा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में ट्रांसफर नगर चौक में विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों नागरिक, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए और जिला प्रशासन व नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने बताया कि कोरबा की सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार जिला प्रशासन और नगर निगम को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन की इस लापरवाही के विरोध में आज नागरिकों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया है। धरना स्थल पर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना, छत्तीसगढ़ जोहर पार्टी, आम आदमी पार्टी, जिला अधिवक्ता संघ, जिला ऑटो संघ, सिटी मिनी बस यूनियन, भूस्थापित कामगार संगठन, किसान संगठन, कुसमुंडा व्यापारी संघ सहित नगर निगम के कई पार्षद और समाज प्रमुख मौजूद रहे। धरने को संबोधित करने वालों में पार्षद अब्दुल रहमान, विनम्र तिवारी, टामेश अग्रवाल, श्रीमती प्रीति दिनेश शर्मा, पूर्व पार्षद परमजीत सिंह पप्पी, महेश अग्रवाल, दिनेश सोनी, संतोष कैवर्त, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के दिलीप मेरी, जोहर पार्टी के सोनू राठौर, जैनेंद्र कुर्रे, श्रीमती चंचल, व्यापारी संघ के ओम गभेल, सुरेंद्र राठौर, आम आदमी पार्टी के आनंद सिंह, शत्रुघ्न साहू, किसान नेता दिलहरण सारथी, जोगीराम पटेल, भूस्थापित कामगार संगठन के अध्यक्ष अशोक कुमार पटेल, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गणेश कुलदीप, तथा ऑटो संघ के पंकज तिवारी और मिनी बस यूनियन के धनेश्वर साहू शामिल रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि कोरबा में हजारों करोड़ रुपए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं, शासन की राशि का सही उपयोग नहीं हो रहा है, जिसके कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त और स्थिति बदतर होती जा रही है। सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि “कोरबा के अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुन रहे हैं, शासन के करोड़ों रुपए व्यर्थ खर्च किए जा रहे हैं। आज का धरना प्रशासन को चेताने का शांतिपूर्ण प्रयास है। यदि दिवाली के बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं हुई तो आम नागरिकों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।”
कोरबी पुलिस की बड़ी सफलता!
गौ तस्करी का मामला — 60 मवेशियों को बूचड़खाने ले जाते समय मुख्य आरोपी झारखंड से गिरफ्तार अन्य आरोपियों की तलाश जारी ✍️ रिपोर्ट : सुशील जायसवाल | कोरबी-चोटिया कोरबी पुलिस ने गौ तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 60 मवेशियों को मुक्त कराया है। इस मामले में मुख्य आरोपी और वाहन मालिक युनूस अंसारी पिता सफरुद्दीन अंसारी (उम्र 39 वर्ष), निवासी कुरैशी मोहल्ला, इस्लामनगर, लोहरदगा (झारखंड) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 📍घटना का विवरण घटना 23 सितंबर की रात की है, जब ग्राम भुजूंग कछार (घुंचापुर) स्थित छीता बांध जंगल मार्ग पर गौ तस्करों द्वारा झारखंड के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 60 मवेशियों को छिपाकर रखा गया था। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची कोरबी चौकी पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 14 MF 1374 को पकड़ा। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर एक स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गया। 🐄 मवेशियों को मिली राहत पुलिस ने मौके से 30 मवेशियों को ट्रक से और 30 को पास के जंगल से सुरक्षित मुक्त कराया। सभी पशुओं को उपचार के बाद पोड़ी उपरोड़ा पशु चिकित्सा विभाग की देखरेख में केंदई गौशाला में भेजा गया। 👮♂️ पुलिस की कार्रवाई कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में लगातार की गई जांच और छापामारी के बाद मुख्य आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 4, 6 और 10 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिक्षण अधिनियम 2024 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में रिमांड पर पेश किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। 🙌 ग्रामीणों और पुलिस का सहयोग पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में आरक्षक सुधांशु शर्मा, प्रधान आरक्षक आनंद तिर्की और आरक्षक संजय परमा का विशेष योगदान रहा। चौकी प्रभारी ने कहा कि “यदि ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का ऐसा सहयोग मिलता रहा, तो किसी भी गंभीर अपराध का पर्दाफाश करना कठिन नहीं होगा।”
नुनेरा में स्वर्गीय श्री खिलेंद्र चौबे के वार्षिक श्राद्ध पर श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह का आयोजन
कथा व्यास पंडित देवकृष्ण शास्त्री जी ने किया गौ रक्षक ठाकुर राम सिंह का समर्थन पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की विशेष रिपोर्ट नुनेरा (पाली)। ग्राम नुनेरा में स्वर्गीय श्री खिलेंद्र चौबे के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर उनके पुत्र रूपेश चौबे के निवास पर चल रहे श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह में कथा व्यास पंडित देवकृष्ण शास्त्री जी महाराज ने अपने प्रवचन के दौरान गौ रक्षक ठाकुर राम सिंह के धर्म एवं राष्ट्रहित के कार्यों का समर्थन किया। शास्त्री जी ने कथा प्रसंग में ठाकुर राम सिंह द्वारा धर्मांतरण रोकने और गौ सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि “जो लोग धर्म, संस्कृति और गौ माता की रक्षा में समर्पित रहते हैं, वे सच्चे अर्थों में धर्म योद्धा हैं।” उन्होंने कहा कि समाज में जो लोग अधर्म और अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाते हैं, उन्हें अक्सर झूठे आरोपों में फँसाने के प्रयास किए जाते हैं, लेकिन सत्य को कभी दबाया नहीं जा सकता। शास्त्री जी ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे ऐसे धर्मनिष्ठ और राष्ट्रभक्त व्यक्तित्वों के समर्थन में एकजुट हों और समाज में सच्चाई एवं धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का उद्देश्य केवल भक्ति और मोक्ष का मार्ग दिखाना नहीं है, बल्कि समाज में व्याप्त बुराइयों से लोगों को जागरूक करना और धर्मरक्षक व्यक्तित्वों के प्रति जनमानस को सचेत करना भी है। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे जिन्होंने व्यासपीठ से दिए गए प्रेरणादायक संदेश का तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
बिहार मतदाता सूची संशोधन पर सुप्रीम कोर्ट में आज फिर सुनवाई, चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट आज उन याचिकाओं पर सुनवाई करेगा जिनमें चुनाव आयोग (ECI) द्वारा बिहार में मतदाता सूची की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया शुरू करने के फैसले को चुनौती दी गई है। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर जारी कारण सूची (Causelist) के अनुसार, जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की द्विसदस्यीय पीठ इस मामले की सुनवाई 16 अक्टूबर को फिर से शुरू करेगी। पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BSLSA) को निर्देश दिया था कि वह जिलों की विधिक सेवा प्राधिकरणों (DLSA) के माध्यम से पैरालीगल वॉलंटियर्स और वकीलों की मदद सुनिश्चित करे ताकि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, वे अपील दाखिल कर सकें। अदालत ने यह भी कहा था कि डीएलएसए अपने वॉलंटियर्स के संपर्क नंबर सार्वजनिक करें, बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ समन्वय बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि हर पात्र नागरिक को अपने मतदान अधिकार के संबंध में पूरी जानकारी मिले। कोर्ट ने बीएसएलएसए से एक सप्ताह के भीतर स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। पिछली सुनवाई में, चुनाव आयोग ने इन आरोपों से इनकार किया कि बिहार में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। आयोग की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश द्विवेदी ने कहा कि एडीआर (एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स) की ओर से दाखिल हलफनामे गलत हैं। द्विवेदी ने बताया कि जिन लोगों ने दावा किया कि उनका नाम हटा दिया गया है, वे कभी भी ड्राफ्ट सूची में शामिल ही नहीं थे, क्योंकि उन्होंने आवश्यक पंजीकरण फार्म जमा नहीं किया था। आयोग ने कहा कि झूठे हलफनामे दाखिल करना झूठी गवाही (Perjury) की श्रेणी में आता है। इस पर अदालत ने अधिवक्ता प्रशांत भूषण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि, > “व्यक्ति को सही जानकारी देनी चाहिए थी, यह ठीक नहीं है।” भूषण ने कहा कि उनके पास ऐसे 20 अन्य लोगों के हलफनामे हैं और सभी की जांच संभव नहीं है। इस पर कोर्ट ने टिप्पणी की, > “जब यह हलफनामा गलत निकला है, तो बाकी की प्रामाणिकता पर भी संदेह होता है।” अदालत ने कहा कि एडीआर की जिम्मेदारी है कि वह अपने दस्तावेजों की सटीकता की पुष्टि करे। इस बीच, चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। चुनाव दो चरणों में — 6 नवंबर और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्यानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बिहार चुनाव को “सभी चुनावों की जननी (Mother of All Elections)” कहा जा सकता है, क्योंकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक तैयारी की गई है। उन्होंने कहा, > “हम बिहार के मतदाताओं को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि यह चुनाव न केवल निष्पक्ष और पारदर्शी होगा, बल्कि अब तक का सबसे शांतिपूर्ण चुनाव भी होगा।” इस दौरान उनके साथ चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी मौजूद थे।
















