मांदर, झांझ-मंजीरे और बैंड-बाजा की धुन पर मां दुर्गा की प्रतिमा का हुआ विसर्जन

ग्रामीणों ने जसगीतों पर थिरकते हुए दी माता को विदाई   पाली से ज्ञान शंकर तिवारी।   पाली विकासखंड के ग्राम नुनेरा में स्थित आदर्श नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा साप्ताहिक बाजार मोहल्ला में विराजित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन बड़ी धूमधाम से किया गया। विसर्जन यात्रा गांव के सभी गली-मोहल्लों से होते हुए बस स्टैंड मार्ग से बड़े तालाब तक पहुंची। पूरे मार्ग में मांदर, झांझ, मंजीरे और बैंड-बाजा की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा। ग्रामीण मांदर की थाप पर जसगीतों पर थिरकते नजर आए। भक्तिमय माहौल में मां दुर्गा की आरती और पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।   गांव की महिलाओं ने भी माता के दर्शन और विदाई का पुण्य लाभ उठाया। विसर्जन यात्रा देखने गांव की गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा नुनेरा गांव भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया।   इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।        

सिंदुरगढ़ पहाड़ में हाथियों का डेरा — किसानों की फसल बर्बाद, कच्चे मकान को रौंदा

1 मकान क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में दहशत का माहौल   सुशील जायसवाल, कोरबी चोटिया।   कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंदुरगढ़ पहाड़ में इन दिनों हाथियों का आतंक बना हुआ है। लगभग 52 हाथियों का झुंड पिछले दो सप्ताह से क्षेत्र में डेरा डाले हुए है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।   पहले तनेरा पंचायत में उत्पात मचाने के बाद यह झुंड अब रानी अटारी खदान क्षेत्र की ओर बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार, इनमें से दो दंतैल हाथी ग्राम सेनहा के आसपास सक्रिय हैं और लगातार खेतों व घरों में नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शाम ढलते ही वे परिवार सहित पक्के मकानों में शरण लेकर रतजगा करने को मजबूर हैं, क्योंकि हाथी रातभर गांव के आसपास घूमते रहते हैं।   श्याम बाई का मकान तोड़ा, चावल खाया   पिछली रात सिंदुरगढ़ निवासी श्याम बाई पति शिवनाथ राजवाड़े के कच्चे मकान को हाथियों ने पूरी तरह उजाड़ दिया। हाथी घर में रखे चावल व अनाज को भी चट कर गए। फसलों का भारी नुकसान   गांव के किसानों की फसलें भी पूरी तरह से हाथियों के उत्पात का शिकार हो गई हैं। खेतों में खड़ी धान की फसल रौंदी जा चुकी है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।   ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों को जल्द सुरक्षित दिशा में खदेड़ा जाए, ताकि गांव में दोबारा शांति बहाल हो सके। फिलहाल, दो हाथी सेनहा गांव के आसपास सक्रिय बताए जा रहे हैं।

पिपरिया–पसान स्टेट हाईवे पर विशालकाय अजगर से मचा हड़कंप!

सुशील जायसवाल   कोरबी चोटिया :- कोरबा जिले के पिपरिया–पसान–दुल्लापुर से कोटगढ़ मुख्य स्टेट हाईवे मार्ग पर आज दिनांक 4 अक्टूबर को एक विशालकाय अजगर के दिखाई देने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लगभग सात फीट लंबे इस अजगर ने सड़क के बीचोंबीच आकर वाहन चालकों में कौतूहल और डर दोनों ही माहौल बना दिया। अजगर की फुफकार से राहगीर और वाहन चालक कुछ देर तक भयभीत रहे। हाईवे पर करीब आधा घंटा यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर अजगर को जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।   घटना स्थल पर कुछ समय तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। वन विभाग के अनुसार, सांप पारिस्थितिक तंत्र का अहम हिस्सा हैं और उनका संरक्षण आवश्यक है। यह घटना लोगों में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी संदेश दे गई।

पसान में खदान खोलने के विरोध पर बढ़ा विवाद — नहीं लिया गया संज्ञान तो होगा आंदोलन : दीनानाथ आयाम

  कोरबा। पसान तहसील अंतर्गत पुटीपखना क्षेत्र में निजी कोयला खदान खोलने के विरोध में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गो.ग.पा.) के ब्लॉक इकाई पसान ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि ग्रामीणों की आपत्तियों पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो आंदोलन किया जाएगा।   ब्लॉक अध्यक्ष दीनानाथ आयाम के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधियों ने तहसीलदार पसान वीरेंद्र कुमार श्याम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड चाईबासा को आवंटित कोल माइंस की प्रक्रिया में पेसा एक्ट 1996 और छत्तीसगढ़ पेसा नियमावली 2022 के प्रावधानों की अनदेखी की गई है।   गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आरोप लगाया कि 30 सितंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पोड़ी उपरोड़ा द्वारा प्रभावित ग्राम पंचायत के सचिव को ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित करने के लिए निर्देशित किया गया, जो कानूनी प्रावधानों के विपरीत है।     दीनानाथ आयाम ने कहा कि —   > “यदि प्रशासन और कंपनी ने कानून को दरकिनार कर कार्यवाही जारी रखी, तो पार्टी जनहित, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संवैधानिक लड़ाई लड़ने को बाध्य होगी।”       इस ज्ञापन कार्यक्रम में मुख्य रूप से भुवन सिंह पेंद्रो, गणेश आयाम, खेलन सिंह अर्मों, अजय केंवट, मुकेश पोया, शनि मरावी, अमित उदय, सौरभ अर्मों, हमेंद्र मरावी, पुरन पेंद्रो एवं संदीप आयाम उपस्थित रहे।   📍 गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रशासन से तत्काल पुटीपखना क्षेत्र की ग्राम सभाओं की राय लेने और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने की मांग की है।

ड्यूटी से गैरहाजिर कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक ने दी अनोखी सजा – पौधारोपण कर किया सुधार का संदेश

कोरिया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे द्वारा जिले में अनुशासन और सकारात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने हेतु एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की गई है। परंपरागत दंड के बजाय ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले आरक्षकों को समाजहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा कार्य सौंपा गया — पौधारोपण।   यह अनूठी पहल न केवल अनुशासन को सुदृढ़ करने का संदेश देती है, बल्कि पुलिस विभाग की पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को भी उजागर करती है।   इस क्रम में आरक्षक 124 महेंद्र रजक (रक्षित केंद्र बैकुंठपुर), 390 मुनीत बखला (पुलिस अधीक्षक कार्यालय बैकुंठपुर), 294 अर्जुन टोप्पो (रक्षित केंद्र बैकुंठपुर), 592 जितेंद्र राजवाड़े (थाना बैकुंठपुर) तथा 497 नर्मदा श्रीवास्तव (थाना सोनहत) को ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण 5-6 पौधे लगाने का निर्देश दिया गया।   रक्षित निरीक्षक द्वारा सभी की ओ.आर. पेशी कराई गई, जिसके अनुपालन में आज 04 अक्टूबर 2025 को पुलिस लाइन बैकुंठपुर परिसर में आरक्षकों ने पौधारोपण कर अपने अनुशासनहीन व्यवहार की भरपाई एक सकारात्मक रूप में की।   पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे की इस अभिनव पहल से यह संदेश गया कि –   “गलती स्वीकार कर समाज के लिए कुछ अच्छा करना ही वास्तविकसुधार है।”  

डीजे की धुन पर मां दुर्गा का विसर्जन, गांव में उमड़ा उत्साह

सुशील जायसवाल कोरबी चोटिया – श्री श्री नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा में गांववासियों ने धूमधाम के साथ माता को विदाई दी। साप्ताहिक बाजार मोहल्ला से शुरू हुई यह यात्रा गांव की सभी गलियों से होकर बस स्टैंड तक गई और अंततः फुलसर नदी में मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जित की गई।   ग्रामीण डीजे की धुन और जसगीतों पर थिरकते नजर आए। महिलाओं और बच्चों ने झांझ-मंजीरे और डीजे साउंड के बीच उत्सव का आनंद लिया। माता के दर्शन और विसर्जन में बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी ने भाग लिया। विशेष रूप से, महिलाएं माता की झांकी देखकर आशीर्वाद ग्रहण करती हुईं दिखाई दीं। इस अवसर पर रात्रि में दोनों समितियों द्वारा रावण दहन के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और कार्यक्रम का आनंद उठाया। पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने अपने दल बल के साथ व्यवस्था को सुनिश्चित किया।   इस आयोजन ने गांव में उल्लास और भक्ति का समन्वय बखूबी दिखाया।  

कोरबा में “माउंटेन राइड ऑन व्हील्स” का आयोजन, भागीरथी यादव सहित कई जिलों के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा: फिटनेस और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोरबा नगर निगम द्वारा आयोजित “माउंटेन राइड ऑन व्हील्स” कार्यक्रम शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में कोरबा के साथ-साथ आसपास के कई जिलों के नागरिकों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।   इस साहसिक और फिटनेस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल स्वास्थ्य और साहसिक अनुभव को बढ़ावा देना था, बल्कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना भी था।   दिनांक: 04/10/2025   दर्री थाना के आरक्षक भागीरथी यादव ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दिखाई। उनके उत्साह और योगदान को देखते हुए उन्हें भागीदारी प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।   नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सक्रिय जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।   फोटो कैप्शन: “माउंटेन राइड ऑन व्हील्स” कार्यक्रम में कई जिलों के प्रतिभागियों के बीच श्री भागीरथी यादव को प्रमाणपत्र प्रदान किया जा रहा है।

बैंड-बाजा और मांदर की थाप पर मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन

पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट   पाली – ग्राम नुनेरा में ब्राह्मण मोहल्ला स्थित सुरेश दुबे (राजू महाराज जी) के निवास पर विराजित मां दुर्गा की प्रतिमा का आज श्रद्धा और भक्ति के साथ विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा ब्राह्मण मोहल्ला से प्रारंभ होकर आम चौक, बांधाखार, बस स्टैंड होते हुए बड़े तालाब तक पहुंची। पूरे मार्ग में बैंड-बाजा, मांदर, झांझ और मंजीरे की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। ग्रामीणों ने जसगीत गाते हुए मांदर की थाप पर नृत्य किया और माता को भावभीनी विदाई दी। महिलाओं ने भी माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना में भाग लिया। मां दुर्गा की विदाई देखने गांव की गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर आज राजधानी में देंगे धरना, कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग पर अड़े

✍️ भागीरथी यादव रायपुर :- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर शनिवार को राजधानी रायपुर में धरना देने जा रहे हैं। वे लंबे समय से कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग उठा रहे हैं।   पूर्व मंत्री ने कलेक्टर के खिलाफ 14 बिंदुओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। कंवर ने शुक्रवार को रायपुर पहुंचकर स्पष्ट कहा कि “जब तक कलेक्टर को हटाया नहीं जाएगा, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।”   कंवर का आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर लगातार अनियमितताएं हो रही हैं, जिनकी शिकायतें वे पहले भी कई बार कर चुके हैं, लेकिन शासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने राजधानी में अनिश्चितकालीन धरना देने का ऐलान किया है।   इस बीच, शासन स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन से ननकीराम कंवर द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच रिपोर्ट मांगी गई है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।   प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद शासन आवश्यक कदम उठा सकता है। वहीं, ननकीराम कंवर के समर्थकों के बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचने और धरने में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।    

बारिश के कारण पोड़ी में दशहरा महोत्सव स्थगित, मौसम खुलते ही होगा आयोजन

पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की ग्राउंड रिपोर्ट   पाली :- ग्राम पंचायत पोड़ी में 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाला दशहरा महोत्सव बारिश और खराब मौसम के चलते स्थगित कर दिया गया है। इस आयोजन में संयोजक विवेक शर्मा के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भव्य झांकियों और रावण दहन का आयोजन बड़े धूमधाम से किया जाना था।   लगातार हो रही वर्षा के कारण मैदान में जलभराव की स्थिति बन गई, जिसके चलते आयोजन समिति ने सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया है।   आयोजकों ने बताया कि मौसम साफ होते ही आगामी दिन में महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी कार्यक्रम पूर्व निर्धारित स्थान पर ही संपन्न होंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों से संयम बनाए रखने और मौसम सुधरने के बाद अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।   नई तिथि की आधिकारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी।

अन्य खबरे

वन विभाग में निर्माण कार्यों पर उठे सवाल, अनियमितता के आरोपों से मचा हड़कंप
दीपका-पाली मार्ग पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचला, मौके पर मौत
छेड़छाड़ के आरोपी को सीपत पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल
कटघोरा क्षेत्र में बिना नंबर के ट्रैक्टरों पर सख्ती, ड्राइवरों के लाइसेंस जांच के निर्देश
ब्रेकिंग न्यूज अज्ञात हमलावर के वार से 80 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल, गांव में दहशत
बारिश और ओलों से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत — जंगल की आग पर भी काबू