✍️ भागीरथी यादव
रेडक्रास सोसायटी कोरबा के तीन वर्षों के सेवा कार्यों और सदस्यों की उपलब्धियों का है संकलन
कोरबा। भारतीय रेडक्रास सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर जिला शाखा कोरबा द्वारा प्रकाशित ‘सेवा-ज्योति’ पत्रिका का विमोचन महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने बिलासपुर में किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रिका के प्रकाशन को सराहनीय पहल बताते हुए रेडक्रास सोसायटी के सेवा कार्यों की प्रशंसा की।

‘सेवा-ज्योति’ पत्रिका में रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा द्वारा पिछले तीन वर्षों में किए गए विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। इसके साथ ही संस्था से जुड़े संरक्षक, सह-संरक्षक और आजीवन सदस्यों की जानकारी तथा उनकी उपलब्धियों को भी स्थान दिया गया है।
विमोचन समारोह में रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा के चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया एवं जिला प्रतिनिधि योगेश जैन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि रेडक्रास सोसायटी द्वारा रजत जयंती वर्ष में ‘सेवा-ज्योति’ पत्रिका का प्रकाशन एक सराहनीय प्रयास है। इसमें कोरबा जिले में संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों और मानवता के प्रति समर्पण को बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया गया है। ऐसे प्रयास समाज में सेवा भावना को मजबूत करने के साथ ही दूसरों को भी जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।
