✍️ भागीरथी यादव
शराब दुकान के बाहर से चोरी बाइक रायपुर में बेचने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने दबोचा
मगरलोड पुलिस ने रायपुर पुलिस के सहयोग से भनपुरी चौक में पकड़ा, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को भेजा जेल
धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल को धमतरी पुलिस ने रायपुर से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेम दुबे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी चोरी की बाइक को रायपुर में बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भरदा निवासी जालम सिंह साहू 10 नवंबर 2026 को अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483 से देशी शराब दुकान गया था। उसने बाइक दुकान के मुख्य गेट के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर उसने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी दौरान 24 नवंबर को रायपुर के थाना खमतराई पुलिस से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के लिए भनपुरी चौक के पास ग्राहक तलाश रहा है। खमतराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को बाइक सहित पकड़ लिया। सूचना मिलने पर मगरलोड पुलिस की टीम रायपुर पहुंची और आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित हिरासत में लेकर मगरलोड थाने लाई।
पूछताछ में आरोपी प्रेम दुबे ने बताया कि वह 10 नवंबर को बस से मगरलोड आया था। ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान के पास खड़ी मोटरसाइकिल को देखकर उसने अपनी जेब में रखी चाबी लगाई, जिससे बाइक चालू हो गई। इसके बाद वह मोटरसाइकिल लेकर रायपुर चला गया। पहचान छिपाने के लिए उसने बाइक का वाइजर और टंकी भी क्षतिग्रस्त कर दी थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी प्रेम दुबे, पिता स्व. रमेश दुबे, निवासी फाफाडीह चौक, फोकटपारा, थाना देवेंद्र नगर, जिला रायपुर को 25 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट कुरुद के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
