शराब के नशे में दामाद ने टंगिया से किया हमला, बुजुर्ग की मौत….

✍️ भागीरथी यादव

 

शराब के नशे में पत्नी से विवाद के दौरान बुजुर्ग पर किया हमला, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांधा और पुलिस को सौंपा

 

बालोद। दीपावली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पारिवारिक विवाद के बीच एक दामाद ने खूनी वारदात को अंजाम दे दिया। शराब के नशे में धुत आरोपी ने अपने 60 वर्षीय मामा ससुर पर टंगिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

मामला बालोद जिले के महामाया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आडेझर का है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 60 वर्षीय रत्तीराम घटना के दौरान अपने घर में सो रहे थे। इसी बीच आरोपी सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ विवाद कर रहा था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपना आपा खो दिया और पास में सो रहे मामा ससुर रत्तीराम पर टंगिया से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

 

वारदात की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जाग गए और घटनास्थल पर पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत देखकर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सुखराम नेताम को पकड़ लिया और भागने से रोकने के लिए खूंटे से बांध दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

 

सूचना मिलते ही महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि घटना देर रात करीब 12 बजे की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दीपावली की रात हुई इस दर्दनाक वारदात से पूरे गांव में शोक का माहौल है।