सुशील जयसवाल
कोरबी/पोड़ी उपरोड़ा, 08 जून। विद्यार्थियों को उनके भविष्य, करियर चयन और व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा में आयोजित करियर मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कोरबी चोटिया के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इंदिरा गांधी स्टेडियम ट्रांसपोर्ट नगर एवं राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ काउंसलरों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों, व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण तथा करियर निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि सफलता प्राप्त करने के लिए सही समय पर सही दिशा का चयन आवश्यक है। उन्होंने मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विज्ञान, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासनिक सेवाएं, रक्षा सेवाएं, सूचना प्रौद्योगिकी, बैंकिंग, कृषि, उद्यमिता सहित विभिन्न उभरते रोजगार क्षेत्रों की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
डी.डी.ओ. लाद एवं हाई स्कूल के वरिष्ठ प्राचार्य जे.एल. जगत के निर्देशन तथा नोडल व्याख्याता एस.के. दिनकर के मार्गदर्शन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आवश्यक सहयोग और प्रेरणा प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राएं सिमरन भारद्वाज, मुस्कान राजवाड़े, वंदना आडिल, रिया, रीतु और गौरी सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने कहा कि ऐसे करियर मार्गदर्शन शिविर उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप सही क्षेत्र चुनने में मदद करते हैं तथा भविष्य की तैयारी के लिए स्पष्ट दिशा प्रदान करते हैं।
शिक्षकों और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों से नई जानकारी और अवसरों से परिचित होने का मौका मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इसे अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए शासन एवं शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के मन में नई ऊर्जा, नई सोच और उज्ज्वल भविष्य की नई उम्मीदों का संचार किया।
– सुशील जायसवाल
कोरबी (पोड़ी उपरोड़ा)
