✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सोशल मीडिया पर चंद सेकंड की Reel के लिए जान जोखिम में डालने का एक खतरनाक वीडियो सामने आया है। कोरबा-दर्री मुख्य मार्ग पर एक युवक चलती Renault कार की खिड़की से बाहर बैठकर वीडियो बनाता नजर आ रहा है। युवक जिस अंदाज में Reel बना रहा है, उसे देखकर राहगीरों की भी चिंता बढ़ सकती है।
वीडियो में कार के चलते समय युवक खिड़की पर बैठा दिखाई देता है। इसी दौरान कार अचानक हल्की सी लहराती है, जिससे युवक का शरीर भी आगे-पीछे झटका खाता नजर आता है। कार चला रहा व्यक्ति भी स्टीयरिंग को लहराता हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसे में जरा सी असावधानी बड़ा हादसा कर सकती थी।
चलती गाड़ी से इस तरह बाहर निकलकर वीडियो बनाना युवक के लिए तो जानलेवा साबित हो ही सकता है, साथ ही सड़क पर दूसरे वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा करता है। अचानक संतुलन बिगड़ने या वाहन के अनियंत्रित होने की स्थिति में गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने की होड़ में युवाओं द्वारा इस तरह के खतरनाक स्टंट किए जा रहे हैं। जरूरत है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए और लोगों को समझाया जाए कि कुछ सेकंड की Reel के लिए जिंदगी को दांव पर लगाना समझदारी नहीं है।
