जीवन संगिनी को उतारा मौत के घाट…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

सूरजपुर/रामानुजनगर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के नारायणपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला की जान चली गई। आरोप है कि विवाद के बीच पति ने पत्नी पर टंगिया से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि सोमवार को पति-पत्नी के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने कथित तौर पर टंगिया से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिजन और आसपास के लोग घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए रामानुजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आरोपी की तलाश के साथ ही पुलिस घटना के कारणों और पूरे विवाद की परिस्थितियों की जांच कर रही है।