✍️ भागीरथी यादव
दर्री-कटघोरा मार्ग पर एनटीपीसी गोपालपुर गेट के पास हादसा, राखड़ परिवहन की व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा। दर्री-कटघोरा मुख्य मार्ग पर एनटीपीसी गोपालपुर गेट के पास सोमवार को राखड़ से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद वाहन में भरी राखड़ सड़क पर बिखर गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।
राखड़ परिवहन को लेकर लंबे समय से नियमों की अनदेखी के आरोप लगते रहे हैं। कई वाहन कथित तौर पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के बिना राखड़ लेकर सड़क पर दौड़ते नजर आते हैं। वाहनों के गुजरने के दौरान राखड़ उड़ने से पीछे चल रहे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इतना ही नहीं, परिवहन के दौरान सड़क पर जगह-जगह राखड़ गिरने से मार्ग पर गंदगी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में गोपालपुर गेट के पास ट्रेलर के पलटने की घटना ने राखड़ परिवहन व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राखड़ परिवहन करने वाले वाहनों पर नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए। वाहनों को ढककर परिवहन करने, सड़क पर राखड़ न गिरने देने और परिवहन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। अब देखना होगा कि हादसे के बाद जिम्मेदार विभाग और संबंधित एजेंसियां राखड़ परिवहन की इस लापरवाही पर कितनी गंभीरता दिखाती हैं।
