✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुराने काशी नगर में शराब के नशे में एक युवक ने हाथ में तलवार लेकर जमकर हंगामा मचाया। सड़क पर तलवार लहराते हुए वह राहगीरों को गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देता रहा। युवक की हरकत से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया और कई लोग डरकर अपने घरों में दुबक गए।
बताया गया कि 25 वर्षीय लोकेश चंद्रा शराब के नशे में अपने घर से बड़ी धारदार तलवार लेकर सड़क पर निकल आया था। वह आने-जाने वाले लोगों को तलवार दिखाकर धमकाने लगा। मामले की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और जवानों से भी उलझने लगा।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से बड़ी धारदार तलवार बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो गई।
