तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचला, मौके पर मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

तखतपुर। जूना पारा चौकी क्षेत्र के ग्राम जूना पारा में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दुर्घटना में तीनों युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही जान चली गई।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही जूना पारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे के कारण सड़क पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।