वीडियो में देखें: पैसों के विवाद में युवक पर टूटा कहर, बचाने आई पत्नी को भी नहीं बख्शा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद एक युवक की लाठी, बेल्ट और हाथ-मुक्कों से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि पति को बचाने पहुंची महिला के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त की रात सन्नी बंजारे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गोल बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान विनित श्रीवास ने फोन कर उसे गणेश अस्पताल के पास बुलाया। सन्नी के वहां पहुंचने पर विनित श्रीवास और किशन ध्रुव से पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने सन्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, लाठी और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। घटना के सामने आए वीडियो में भी दोनों युवक उसे लाठी और बेल्ट से पीटते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट में सन्नी के सिर और दोनों हाथों में चोट लगने की बात कही गई है।

पति को बचाने के लिए उसकी पत्नी भगवती जब मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। महिला के दोनों हाथों और बाएं गाल में चोट आई है।

घटना के बाद पीड़ित ने सरकंडा थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।