मंत्री के प्रयास से 1.50 करोड़ की सौगात

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण, जिला कोरबा द्वारा 1.50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृति पर मंत्री देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया है।

स्वीकृत राशि से शहर के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, शेड, मुक्तिधाम, बाउंड्रीवाल एवं अन्य अधोसंरचना संबंधी कार्य कराए जाएंगे। इससे वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं भी मजबूत होंगी।

स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 15 टी.पी. नगर में टैगोर उद्यान के पास शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, वार्ड 13 शारदा विहार फेस-1 में दुर्गा पंडाल में आरसीसी कांक्रीटीकरण एवं अतिरिक्त कक्ष के लिए 10 लाख, वार्ड 21 सीएसईबी कॉलोनी में पूजा पंडाल के पास कांक्रीटीकरण एवं विस्तार के लिए 10 लाख रुपये शामिल हैं।

इसी तरह वार्ड 62 सर्वमंगला नगर में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 20 लाख, वार्ड 58 केंदईखार में सीसी सड़क निर्माण के लिए 12 लाख, वार्ड 22 आरामशीन में कबीर महंत समाज के सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा वार्ड 15 में पानी टंकी के पास बाउंड्रीवाल एवं शौचालय निर्माण के लिए 10 लाख, वार्ड 18 कोहड़िया में साहू मोहल्ला मुक्तिधाम के लिए 15 लाख, वार्ड 22 आरामशीन में शिव मंदिर के पास शेड निर्माण के लिए 15 लाख, वार्ड 15 में बाल विहार स्कूल के पास शेड के लिए 10 लाख, वार्ड 49 राजीव नगर में मंच के पास शेड निर्माण के लिए 10 लाख तथा वार्ड 11 संजय नगर में बाउंड्रीवाल एवं अन्य विस्तार कार्यों के लिए 8 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।