सुसाइड केस में बहू समेत तीन गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र में 27 अगस्त को फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाली महिला के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसकी बहू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 724/2026 के तहत धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी बाई मानिकपुरी ने 27 अगस्त को अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी थी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग क्रमांक 66/2026 कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल की दीवार पर मृतिका द्वारा लिखी गई इबारत मिली, जिसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच में दीवार पर लिखी इबारत को मृतिका द्वारा ही लिखे जाने की पुष्टि की।

जांच के दौरान पुलिस के हाथ मृतिका द्वारा आत्महत्या से पहले अपनी बहनों को भेजा गया वीडियो भी लगा। पुलिस ने वीडियो को साक्ष्य के रूप में जब्त किया। इसके साथ ही मृतिका के परिजनों, बहनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका के पहले पति की मृत्यु के बाद उसने दूसरी शादी की थी। वह वर्तमान पति और पूर्व पति से हुए बच्चों के साथ रह रही थी। पारिवारिक विवाद को लेकर घर में आए दिन झगड़े होने की बात सामने आई। आरोप है कि बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोग मृतिका पर घर छोड़ने का दबाव बनाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। परिजनों के अनुसार, मृतिका ने पूर्व में भी परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया था।

सुसाइड नोट, आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो और परिजनों के बयानों सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला पाया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में पूर्णिमा महंत (24), पति संजय दास, निवासी लक्ष्मण तालाब, कोरबा, सुमेरन बाई (45), पति मिलनदास महंत, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा तथा मिलन दास (55), पिता सोनदास, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा शामिल हैं। न्यायालय के आदेश के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।