✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। बिलासपुर सिक्योरिटी क्षेत्र के ग्राम हरदीकला में यादव समाज द्वारा 5 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने गांव में भव्य रैली निकाली। रैली के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया।
रैली में पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समाज के लोगों ने हाथों में ध्वज लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया और विभिन्न स्थानों पर झंडा लहराकर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। रैली के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर विधि-विधान से जन्मोत्सव मनाया गया। समाज के लोगों ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद का वितरण किया।
आयोजकों ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। साथ ही ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में यादव समाज के सदस्यों और ग्रामीणों की सहभागिता रही।
