पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति का इंतजार, 23 वर्षीय युवक ने कलेक्टर से लगाई गुहार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

जनदर्शन में पहुंचा अनुकंपा नियुक्ति का मामला

कोरबा। पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति के लिए ग्राम बुधियापाली निवासी 23 वर्षीय संदीप कुमार कंवर ने जनदर्शन में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर गुहार लगाई। संदीप के पिता स्व. कमल सिंह कंवर नगर सेना (होमगार्ड) में पदस्थ थे। स्वास्थ्य खराब होने के कारण इलाज के दौरान 13 अप्रैल 2026 को उनका निधन हो गया।

पिता की मृत्यु के बाद संदीप ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया। आवेदन में बताया गया है कि नियुक्ति को लेकर उसे आश्वासन दिया गया था, लेकिन 7 सितंबर 2026 तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। संदीप के अनुसार, वह पिछले तीन-चार महीनों से नगर सेना कार्यालय के चक्कर लगा रहा है।

संदीप ने जनदर्शन में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर नगर सेना (होमगार्ड) में अनुकंपा नियुक्ति दिलाने की गुहार लगाई है। आवेदन के साथ मृत्यु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक अंकसूचियां, जाति प्रमाण पत्र और रोजगार पंजीयन सहित अन्य दस्तावेजों की प्रतियां संलग्न की गई हैं।