हाइड्रा के पहिए ने छीनी तीन साल की स्नेहा की जिंदगी, परिवार घायल

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बांगो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइड्रा ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची हाइड्रा के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके माता-पिता और एक वर्षीय भाई भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार तनेरा निवासी राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेम लता, बेटी स्नेहा और एक वर्षीय बेटे इसरुस्तम के साथ बाइक से रावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए हाइड्रा चालक ने बाइक को ओवरटेक करने के दौरान जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक हाइड्रा के अगले पहिए में फंस गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इसी दौरान स्नेहा पहिए की चपेट में आ गई।

घटना के बाद चालक हाइड्रा को मौके पर छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकला। परिजनों ने चालक पर वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

सूचना मिलते ही डायल-112 और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हाइड्रा जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।