✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। चकरभाठा पुलिस एवं एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने लूटपाट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, नकद राशि एवं घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुनील यादव, निवासी ग्राम सेंवार, सिरगिट्टी स्थित नर्मदा कोल्ड ड्रिंक में हाउसकीपिंग का कार्य करता है। 16 जून 2026 की रात लगभग 10:30 बजे वह अपनी स्कूटी क्रमांक CG 10 ED 9432 से काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका पीछा किया और अचानक जोरदार थप्पड़ मारकर उसे स्कूटी सहित सड़क पर गिरा दिया।
इसके बाद तीनों आरोपी नीचे उतरे और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पास मौजूद रुपये-पैसे और सामान की मांग की। आरोपियों ने प्रार्थी के लोवर की जेब में रखे 395 रुपये तथा उसकी स्कूटी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट मिलते ही थाना चकरभाठा एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नयापारा सिरगिट्टी निवासी प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव (20 वर्ष), रोहन दास (21 वर्ष) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में तीनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई प्लेजर मोपेड, 395 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव, पिता गंगाराम यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी नयापारा सिरगिट्टी, बिलासपुर।
रोहन दास, पिता रामदास, उम्र 21 वर्ष, निवासी नयापारा सिरगिट्टी, बिलासपुर।
एक विधि से संघर्षरत बालक।
पुलिस की अपील चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
बिलासपुर छोड़कर भागने की फिराक में थे आरोपी, चकरभाठा पुलिस और ACCU की तत्परता से नाकाम हुई योजना
