✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद धमतरी पुलिस अधीक्षक ने कड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कुरूद में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 09 पवन वर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार आरक्षक पवन वर्मन की 16-17 जून 2026 की रात्रि में प्रियंका कॉलोनी से काली माता मंदिर तक रात्रि गश्त ड्यूटी लगाई गई थी। जांच के दौरान पाया गया कि आरक्षक निर्धारित गश्त ड्यूटी से गैरहाजिर था। इसी दौरान वायरल वीडियो में वह वर्दी पहनकर एक हाईवा वाहन चालक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दिया।
पुलिस अधीक्षक ने इसे पुलिस विभाग की अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही एवं आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए आरक्षक पवन वर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
मामले की प्रारंभिक जांच के निर्देश थाना प्रभारी कुरूद को दिए गए हैं, वहीं सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।
