
सुशील जायसवाल
कोरबा (बागों)।
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है। गुरसियां बांधा पारा निवासी शिक्षक परदेशी राम प्रजापति ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक परदेशी राम प्रजापति, पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जलके स्थित शासकीय विद्यालय में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और लगातार इलाजरत थे। बीमारी और मानसिक पीड़ा ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था।
घटना आज 15 जनवरी, गुरुवार की बताई जा रही है। दुर्भाग्यवश घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। जब आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बागों थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा तथा नायब तहसीलदार सुमन दास मानिकपुरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और आगे की जांच में जुट गई है।
एक जिम्मेदार शिक्षक का इस तरह जीवन समाप्त कर लेना न सिर्फ परिवार बल्कि समाज के लिए भी गहरा आघात है। उनके निधन से गांव और विद्यालय परिसर में गमगीन माहौल बना हुआ है।






