
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले में बढ़ते संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोरबा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए पुलिस ने मां–बेटे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 11 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है।
मामला 6 फरवरी 2026 का है, जब प्रार्थी ने पुलिस सहायता केंद्र माणिकपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह परिवार सहित रायपुर गया हुआ था। 7 फरवरी की रात लौटने पर घर के बाहर और भीतर के ताले टूटे मिले। कमरे अस्त-व्यस्त थे और सोने-चांदी के जेवर, नकदी सहित अन्य कीमती सामान गायब था। प्रारंभिक तौर पर चोरी की रकम लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई थी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में माणिकपुर चौकी और कोतवाली कोरबा की संयुक्त टीम ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की गई।
कड़ी पूछताछ में संजय वैष्णव उर्फ गोलू (31 वर्ष) और उसकी मां लव कुमारी वैष्णव (50 वर्ष), निवासी निहारिका साडा कॉलोनी, थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों को आरोपियों ने ‘मधुर फाइनेंस’ में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फाइनेंस कंपनी से विधिवत प्रक्रिया के तहत सम्पर्क कर सभी आभूषण बरामद कर लिए।
बरामद ज्वेलरी का बाजार मूल्य 11 लाख 11 हजार रुपये आंका गया है, जो प्रारंभिक अनुमान से कहीं अधिक है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305(1) और 317(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी संजय वैष्णव के खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में बालकोनगर, सिविल लाइन रामपुर और कोतवाली थानों में प्रकरण दर्ज हैं।






