
✍️ भागीरथी यादव
एमसीबी जिले के चिरमिरी शहर में मोबाइल और व्हाट्सऐप के माध्यम से संचालित हो रहे सट्टे के अवैध कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। छोटा बाजार क्षेत्र की एक गली में आरोपी घर के सामने बैठकर सट्टा-पट्टी का खेल चला रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह ने विशेष टीम गठित की थी। मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने छोटा बाजार निवासी सदानंद उर्फ सद्दा बिसाई (लगभग 56 वर्ष) के ठिकाने पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके पर सदानंद को व्हाट्सऐप के जरिए सट्टा-पट्टी लेते हुए पकड़ा। तलाशी में उसके पास से सट्टा-पट्टी, नगद 2,210 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सदानंद संगठित तरीके से सट्टा संचालित कर रहा था और छोटा बाजार निवासी शिवराम सोनवानी तक सट्टा-पट्टी पहुंचाता था। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान शिवराम फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। जब्त मोबाइल में मिले अन्य संपर्क नंबरों की भी जांच की जा रही है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह सहित प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, अशोक एक्का, विश्वनाथ सिंह, चंद्रसेन राजपूत, मदन राजवाड़े, हाफिज कुरैशी तथा महिला आरक्षक राजेंद्र कुमारी और यसोदा राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।






