ऑपरेशन ‘बाज’ में बड़ी कामयाबी: 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

मुंगेली। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत की गई।

मुखबिर सूचना पर दबिश

पुलिस को सूचना मिली थी कि बी.आर. साव स्कूल मैदान के पास तीन युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में:

अजय देवांगन (40 वर्ष), निवासी शिक्षक नगर, अम्बेडकर वार्ड, मुंगेली

कृष्ण कमल डाहिरे (22 वर्ष), निवासी पड़ाव चौक, मुंगेली

कोमल यादव (22 वर्ष), निवासी वार्ड 21, खर्रीपारा, मुंगेली

इतनी मात्रा में मिली ब्राउन शुगर

आरोपियों के कब्जे से 11 पैकेटों में कुल 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये आंकी गई है।

इसके अलावा पुलिस ने:

5 मोबाइल फोन (लगभग 70 हजार रुपये)

एक मोटरसाइकिल (एनएस पल्सर, CG 09 JF 5822) (करीब 65 हजार रुपये)

जब्त की है। इस तरह कुल जप्त सामग्री की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में हुआ खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने खुलासा किया कि यह ब्राउन शुगर किशोर ध्रुव (36 वर्ष) और अमित साहू (38 वर्ष), दोनों निवासी झझपुरी खुर्द, थाना जरहागांव, के लिए लाई जा रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 60/26 के तहत धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुंगेली पुलिस की इस कार्रवाई को “नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।