✍️ भागीरथी यादव
शिक्षक दिवस पर डॉ. राधाकृष्णन को किया नमन
कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर निहारिका स्थित सुभाष चौक में देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय शिक्षक के रूप में बिताया और असंख्य विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की। उन्होंने आदर्श शिक्षक के रूप में समाज के सामने मिसाल कायम की। राष्ट्रपति के रूप में भी उन्होंने देश को बेहतर नेतृत्व प्रदान किया।
पूर्व अध्यक्ष नत्थू लाल यादव ने डॉ. राधाकृष्णन के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके योगदान को देखते हुए उनके जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की गई, जो आज भी जारी है।
