✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। बिलासपुर जिले के प्रसिद्ध लुतरा शरीफ दरगाह में शहंशाहे छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैयद इंसान अली शाह का पांच दिवसीय सालाना उर्स 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। उर्स की तैयारियों को लेकर इंतजामिया कमेटी ने कोरबा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
कमेटी के मुताबिक उर्स में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई, आवागमन, ठहरने और भोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है। उर्स के दौरान सर्वधर्म समभाव की परंपरा के तहत शाकाहारी शाही लंगर भी लगातार संचालित होगा।
उर्स की शुरुआत 28 सितंबर को परचम कुशाई की रस्म से होगी। इसके बाद संदल-चादर और रात 10 बजे ऑल इंडिया नातिया मुशायरा आयोजित किया जाएगा। 29 सितंबर को मजार-ए-पाक का गुस्ल और शाही संदल होगा। रात में जलसा-ए-तकरीर में किछौछा शरीफ से सैय्यद राशिद मक्की मियां तकरीर करेंगे।
30 सितंबर को अम्मी जान साहिबा की संदल-चादर की रस्म के बाद रात 10 बजे महफिले समा होगी। इसमें मुंबई के प्रसिद्ध कव्वाल मुजतबा अजीज नाज़ा प्रस्तुति देंगे। वहीं 1 अक्टूबर को बिजनौर के रईस अनीस अंसारी महफिले कव्वाली में अपनी प्रस्तुति देंगे।
उर्स के अंतिम दिन 2 अक्टूबर को रंग की महफिल होगी। इसके बाद किछौछा शरीफ के सैय्यद महमूद अशरफ की सदारत में कुल की फातिहा के साथ उर्स का समापन किया जाएगा।
कमेटी के अनुसार उर्स के सभी दिनों में दोपहर से देर रात तक शाही लंगर चलता रहेगा। बाहर से आने वाले जायरीनों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर हाजी मो. इकबाल हक, खजांची फैजान अहमद शेबू, नायब खजांची जावेद रब्बानी सहित बिलासपुर, कोरबा, बलौदा और लुतरा शरीफ के इंतजामिया कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
